Bihar

Bihar चुनाव से पहले CM नीतीश का बड़ा ऐलान, 20 साल में हुए विकास का दिया पूरा ब्यौरा

बिहार राजनीति
Spread the love

Bihar विधानसभा चुनाव से पहले CM नीतीश ने विपक्ष के विकास संबंधी सवालों का जवाब ठोस आंकड़ों के साथ दिया है।

Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने विपक्ष के विकास संबंधी सवालों का जवाब ठोस आंकड़ों के साथ दिया है। सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर अपने 20 साल के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का पूरा ब्यौरा पेश किया। उन्होंने कहा कि बिहार का बजट 24 हजार करोड़ से बढ़कर अब 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि ‘जो हमने वादा किया, वह पूरा किया और आगे भी विकास का काम जारी रहेगा।’

2005 से पहले हर क्षेत्र में पिछड़ा था बिहार

सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने पोस्ट की शुरुआत में कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार हर क्षेत्र में पिछड़ गया था। उन्होंने लिखा, ‘उस समय विकास कार्य पूरी तरह ठप थे। न नई इमारतें बनती थीं, न पुरानी का रखरखाव होता था। टूटी-फूटी सड़कें बिहार की पहचान बन गई थीं। इतनी समृद्ध विरासत वाला राज्य उपहास का विषय बन गया था।’ उन्होंने कहा कि उस दौर में ‘बिहारी कहलाना भी अपमान का विषय हो गया था।’

Pic Social Media

नई सरकार के बाद शुरू हुआ विकास का नया अध्याय

सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने कहा कि 2005 में नई सरकार बनने के बाद राज्य में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए। उन्होंने कहा कि सरकार ने नए भवनों के निर्माण के साथ ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया। सीएम ने लिखा, ‘राज्य में कई विश्वस्तरीय आधुनिक परियोजनाओं का निर्माण कराया गया, जिनकी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई। इससे बिहार की छवि बेहतर हुई और लोगों का आत्मविश्वास बढ़ा।’

Pic Social Media

विश्वस्तरीय सड़कों से बदला बिहार का चेहरा

सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में राज्य में कई विश्वस्तरीय पथों और एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि जेपी गंगा पथ, अटल पथ, पाटलिपथ, बिहटा-सरमेरा पथ, मीठापुर-महुली पथ, लोहिया पथ चक्र, बख्तियारपुर-रजौली पथ, पटना-गया-डोभी पथ, पटना-मुजफ्फरपुर फोर लेन जैसे मार्ग राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति दे रहे हैं। साथ ही वाराणसी-कोलकाता, आमस-दरभंगा, पटना-पूर्णिया, गोरखपुर-सिलीगुड़ी और रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे जैसे प्रोजेक्ट तेज़ी से निर्माणाधीन हैं। सीएम ने कहा कि इन परियोजनाओं से आवागमन आसान हुआ है और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आई है।

Pic Social Media

ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25

आधुनिक भवनों से बदली बिहार की पहचान

सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने अपने X पोस्ट में कहा कि सरकार ने कई अत्याधुनिक भवनों और संस्थानों का निर्माण कराया है, जो ‘नए बिहार की पहचान’ हैं। इनमें सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर, ज्ञान भवन, बापू सभागार, सभ्यता द्वार, बिहार संग्रहालय, बापू परीक्षा परिसर, पटना समाहरणालय, राज्य अतिथिगृह गया, महाबोधि कन्वेंशन सेंटर, तारामंडल दरभंगा, और वाल्मीकि सभागार जैसे प्रतिष्ठित भवन शामिल हैं। सीएम नीतीश कुमार ने कहा, ‘ये सिर्फ इमारतें नहीं हैं, बल्कि बदलते बिहार का प्रतीक हैं।’

Pic Social Media

पर्यटन और ईको-टूरिज्म को मिला नया आयाम

मुख्यमंत्री ने लिखा कि बिहार में पर्यटन को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार ने लगातार प्रयास किए हैं। राजगीर में घोड़ा-कटोरा झील, जू सफारी, ग्लास स्काई वॉक, वेणुवन और पांडु पोखर का सौंदर्यीकरण, नवादा के ककोलत जलप्रपात, राजगीर और मंदार में नए रोप-वे, पटना में बुद्ध स्मृति पार्क और मधुबनी में मिथिला हाट जैसे प्रोजेक्ट आज बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर ले आए हैं।

Pic Social Media

खेल, शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में भी प्रगति

सीएम नीतीश ने कहा कि राज्य में पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राजगीर खेल अकादमी, पटना मेट्रो परियोजना, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी, और गया में विष्णुपद मंदिर के पास रबर डैम जैसे बड़े प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पटना के बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली भूमिगत टनल का कार्य भी तेजी से चल रहा है।

ये भी पढ़ेंः Bihar: CM नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, अगले 5 सालों में बिहार के युवाओं को मिलेंगे 1 करोड़ रोजगार!

हवाई सेवाओं में ऐतिहासिक विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते दो दशकों में बिहार में हवाई सेवाओं की क्षमता में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। पटना में अत्याधुनिक नया एयरपोर्ट टर्मिनल बन चुका है, जबकि दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट चालू हो चुके हैं। साथ ही बिहटा, रक्सौल और वीरपुर एयरपोर्ट का निर्माण कार्य जारी है। सरकार वाल्मीकिनगर, मधुबनी, मुंगेर, सहरसा और मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट को भी विकसित कर रही है।

Pic Social Media

विकास के साथ बढ़ा राज्य का बजट

सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने कहा कि बिहार का बजट 2004-05 के 24 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर अब 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा, ‘हम कुशल वित्तीय प्रबंधन करते हुए इस बढ़े हुए बजट का उपयोग राज्य के सर्वांगीण विकास में कर रहे हैं।’ सीएम नीतीश कुमार ने लोगों से अपील की ‘हमने जो वादे किए, उन्हें पूरा किया है। आगे भी विकास का काम हमारी सरकार ही करेगी।’

Pic Social Media

ये भी पढ़ेंः Bihar Elections: CM नीतीश कुमार ने बक्सर में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, NDA के लिए मांगा समर्थन

‘बदला है बिहार, अब गर्व से कहो – मैं बिहारी हूं’

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) की इस विकास रिपोर्ट से साफ है कि पिछले दो दशकों में बिहार ने अविकास से विकास की दिशा में लंबी यात्रा तय की है। बुनियादी ढांचे से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और उद्योग तक हर क्षेत्र में बिहार ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। सीएम के शब्दों में ‘जो काम हमने किए हैं, उन्हें याद रखिएगा। बिहार का विकास हमारा संकल्प भी है और पहचान भी।’