पाक क्रिकेटरों से नहीं मिलाया हाथ, जीत पहलगाम पीड़ितों को समर्पित
Asia Cup: टी-20 एशिया कप 2025 के छठे मुकाबले में भारत ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम (Dubai International Stadium) में पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने भारत के सामने 128 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे भारतीय टीम (Indian Team) ने मात्र 15.5 ओवर में तीन विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने छक्का जड़कर भारत को जीत दिलाई और इसके बाद बिना किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी से हाथ मिलाए सीधे ड्रेसिंग रूम की ओर चले गए। यह भारत की टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत थी। सूर्यकुमार (Suryakumar) ने इस जीत को भारतीय सेना को समर्पित करते हुए अपनी टीम के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 एशिया कप 2025 में 7 विकेट से शानदार जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने प्रेजेंटेशन समारोह में संजय मांजरेकर से बातचीत के दौरान एक भावुक बयान दिया। उन्होंने कहा, ‘यह सही अवसर है, हम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। हम अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं। मैं इस जीत को उन सभी सशस्त्र बलों को समर्पित करना चाहता हूं, जिन्होंने अदम्य साहस दिखाया। उम्मीद है कि वे हमें प्रेरित करते रहेंगे और हम उन्हें मैदान पर और अधिक मौके देंगे, जिससे वे मुस्कुरा सकें।’
मैच से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप (Asia Cup) मुकाबले को लेकर काफी विवाद हो रहा था। इस बीच, सूर्यकुमार यादव ने अपने व्यवहार से सभी का ध्यान खींचा। टॉस के समय उन्होंने पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया। मैच खत्म होने के बाद भी वे एक मिनट के लिए नहीं रुके और साथी खिलाड़ी शिवम दुबे के साथ बिना किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी से बात किए या हाथ मिलाए सीधे ड्रेसिंग रूम की ओर चले गए। सूर्यकुमार का यह वीडियो, जिसमें वे छक्का लगाने के बाद तुरंत ड्रेसिंग रूम की ओर लौटते दिखे, सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी रही बेहद कमजोर
पाकिस्तान की शुरुआत इस मैच में बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज सैम अयूब खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए, जबकि मोहम्मद हैरिस ने 5 गेंदों पर सिर्फ 3 रन बनाए। इसके बाद भी पाकिस्तानी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाए। पूरी टीम लड़खड़ाती रही और रन बनाने के लिए संघर्ष करती दिखी। सबसे ज्यादा रन साहिबजादा फरहान ने बनाए जिन्होंने 44 गेंदों पर 40 रनों की धीमी पारी खेली। दिलचस्प बात यह रही कि उनके बाद सबसे ज्यादा रन शाहीन अफरीदी ने बनाए, जिन्होंने मात्र 16 गेंदों पर 33 रन ठोक दिए, जिसमें 4 शानदार छक्के शामिल थे।
भारतीय गेंदबाजों का दमदार प्रदर्शन
भारत (India) की ओर से गेंदबाजी में कुलदीप यादव सबसे सफल रहे। उन्होंने 18 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने भी कसी हुई गेंदबाजी की और 2-2 विकेट अपने नाम किए। भारतीय गेंदबाजों ने पूरे मैच के दौरान पाकिस्तान को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया।

ये भी पढ़ेंः Asia Cup: भारत ने पहले ही मैच में रच दिया इतिहास, UAE को चटाई धूल
अभिषेक शर्मा की धमाकेदार बल्लेबाजी
128 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने पारी की पहली दो गेंदों पर चौका और छक्का लगाकर पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को बैकफुट पर धकेल दिया। अभिषेक ने केवल 13 गेंदों में 31 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल थे।
शुभमन गिल ने 7 गेंदों पर 10 रन बनाए जबकि तिलक वर्मा ने 31 गेंदों पर 31 रनों की जिम्मेदार पारी खेली। अंत में सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने भारत को जीत की ओर पहुंचाया। सूर्या ने 37 गेंदों में नाबाद 47 रन बनाए जबकि दुबे 7 गेंदों पर नाबाद 10 रन बनाकर उनके साथ लौटे।

ये भी पढ़ेंः Asia Cup: एशिया कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान, कप्तान समेत पूरी टीम की डिटेल्स पढ़िए
भारत की अगली टक्कर ओमान से
भारत अब अपना अगला मुकाबला 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ खेलेगा। यह मैच अबूधाबी के शेख जायेद स्टेडियम में भारतीय समय के अनुसार रात 8:00 बजे शुरू होगा। ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, ओमान और यूएई की टीमें शामिल हैं। भारत दो जीत के साथ 4 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान 2 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर कायम है।
ओमान और यूएई अब तक एक भी मैच नहीं जीत पाए हैं। भारत और ओमान के बीच होने वाला यह मुकाबला ग्रुप ए का आखिरी लीग मैच होगा। इसके बाद 20 सितंबर से सुपर फोर राउंड की शुरुआत होगी।
