जानिए क्या होंगे उम्मीदवार?
Punjab News: आम आदमी पार्टी ने पंजाब की तरनतारन विधानसभा सीट (Tarn Taran Assembly Seat) पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने इस महत्वपूर्ण सीट की कमान पूर्व विधायक हरमीत सिंह संधू को सौंपी है, जो हाल ही में शिरोमणि अकाली दल (SAD) छोड़कर AAP में शामिल हुए थे।

उम्मीदवार या कार्यकर्ता?
आपको बता दें कि हरमीत सिंह संधू (Harmeet Singh Sandhu) ने ‘आप’ में शामिल होने के समय कहा था कि वे किसी पद या टिकट की इच्छा नहीं रखते और एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम करेंगे। लेकिन, राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि उन्हें तरनतारन उपचुनाव के लिए ‘आप’ का संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है। पार्टी ने अभी तक उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन संधू को हलका प्रभारी बनाए जाने से इस तरह की अटकलें तेज हो गई हैं।
ये भी पढ़ेंः Punjab सरकार का बड़ा पर्यटन प्रोत्साहन, अटारी बॉर्डर को मिलेगा नया लुक
पंथिक सीट पर ‘आप’ की रणनीति
तरनतारन (Tarn Taran) विधानसभा क्षेत्र को पंजाब की प्रमुख पंथिक सीट माना जाता है, जहां धार्मिक और सामाजिक मुद्दे चुनावी नतीजों को प्रभावित करते हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से ‘आप’ के कश्मीर सिंह सोहल विधायक चुने गए थे, लेकिन उनके निधन (27 जून 2025) के बाद यह सीट रिक्त हो गई। अब ‘आप’ इस क्षेत्र में एक मजबूत और स्थानीय चेहरे की तलाश में है, और संधू को इस भूमिका के लिए उपयुक्त माना जा रहा है।
संधू का राजनीतिक अनुभव
हरमीत सिंह संधू तरनतारन से तीन बार विधायक रह चुके हैं (2002, 2007 और 2012) और क्षेत्र में उनकी मजबूत जनाधार है। 2002 में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी, जबकि 2007 और 2012 में शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर जीते। 2017 और 2022 में भले ही वे हार गए, लेकिन उन्होंने अपना जनाधार बरकरार रखा। ‘आप’ को उम्मीद है कि संधू का अनुभव और लोकप्रियता उपचुनाव में पार्टी को मजबूती देगी।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘तरनतारन जैसी संवेदनशील और महत्वपूर्ण सीट के लिए एक अनुभवी और जिम्मेदार नेता की जरूरत थी। हरमीत सिंह संधू इस भूमिका के लिए पूरी तरह उपयुक्त हैं।’ लेकिन, संधू की नियुक्ति को लेकर स्थानीय AAP नेताओं में कुछ असंतोष भी देखा जा रहा है, जो इस सीट के लिए टिकट की दावेदारी कर रहे थे।
ये भी पढ़ेंः Punjab: पराली जलाने पर अब लगेगा कड़ा जुर्माना, सरकार ने जारी की नई SOP
क्या कहते हैं संधू?
संधू ने कहा, ‘उपचुनाव में उम्मीदवार चुनना पार्टी का विशेषाधिकार है। मैं एक कार्यकर्ता के रूप में ‘आप’ में शामिल हुआ हूं और क्षेत्र के विकास के लिए काम करूंगा।’ उनकी यह टिप्पणी उनके संभावित उम्मीदवारी को लेकर अटकलों को और हवा दे रही है।
