AAP Win

AAP Win: लुधियाना से गुजरात तक AAP का परचम, सीएम मान-केजरीवाल ने बड़ी बात कह दी

TOP स्टोरी पंजाब राजनीति
Spread the love

AAP Win: AAP ने इन उपचुनावों में दो अहम सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है।

AAP Win: देश के चार राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों (By-Elections) के नतीजे सामने आ चुके हैं। वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) ने इन उपचुनावों में दो अहम सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है। पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट (Ludhiana West seat) और गुजरात की विसावदर सीट (Visavadar Seat) पर मिली इस बड़ी जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं और नेतृत्व में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस जीत से उत्साहित AAP नेतृत्व ने इसे जनता का भरोसा करार दिया, जबकि पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने बड़ी बात कहीं हैं। पढ़िए पूरी खबर…

Pic Social Media

लुधियाना और विसावदर में AAP की जीत

आपको बता दें कि पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर AAP उम्मीदवार संजीव अरोड़ा (Sanjeev Arora) ने 10,637 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं, गुजरात की विसावदर सीट पर AAP के गोपाल इटालिया ने BJP के किरीट पटेल को बड़े अंतर से हराया। दोनों सीटों पर AAP ने 2022 के मुकाबले लगभग दोगुने मार्जिन से जीत हासिल की। इन उपचुनावों में विसावदर सीट दिसंबर 2023 में AAP विधायक भूपेंद्र भयानी के इस्तीफे और BJP में शामिल होने के बाद खाली हुई थी।

CM मान ने कहा- जनता हमारे काम से खुश

पंजाब के सीएम भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) ने X पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा, ‘विधानसभा हलका लुधियाना पश्चिमी उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत पर सभी को बहुत-बहुत बधाइयां। बड़ी लीड से मिली यह जीत इस बात का साफ़ संकेत है कि राज्य के लोग हमारी सरकार के कामों से बेहद खुश है। हम पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए दिन-रात बिना किसी भेदभाव और पूरी ईमानदारी से काम कर रहे हैं।

उपचुनाव के दौरान पंजाबियों से किए गए हर एक वादे को हम प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेंगे। संजीव अरोड़ा जी को बहुत-बहुत मुबारकबाद। साथ ही, इस जीत के लिए दिन-रात मेहनत करने वाली पूरी लीडरशिप और वॉलंटियर्स की टीम को भी बहुत-बहुत बधाई।

सीएम भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) ने गुजरात की विसावदर विधानसभा सीट पर पार्टी नेता गोपाल इटालिया की जीत को भी ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा, ‘यह जीत आम आदमी पार्टी गुजरात के वॉलंटियर्स के नाम है, जिन्होंने भाजपा की धक्केशाही के सामने डटकर मुकाबला किया। भाजपा की चालें अब बेनकाब हो चुकी हैं और जनता ने एक बार फिर आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताया है।’

उन्होंने दावा किया कि पूरे देश में अगर कोई पार्टी भारतीय जनता पार्टी को टक्कर देने की ताकत रखती है, तो वह सिर्फ आम आदमी पार्टी ही है। मान ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में AAP का झंडा गुजरात में भी लहराएगा।

सीएम मान ने लुधियाना पश्चिम में पार्टी की जीत को राज्य की जनता की उम्मीदों और भरोसे का परिणाम बताया और कहा कि पार्टी आने वाले समय में इसी गति से लोगों की भलाई के लिए काम करती रहेगी।

AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कह दी ये बड़ी बात

AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने X पर कहा, ‘गुजरात की विसावदर और पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीटों पर आम आदमी पार्टी की शानदार जीत पर आप सबको बहुत बहुत बधाई। गुजरात और पंजाब के लोगों को बहुत बधाई और बहुत बहुत शुक्रिया। दोनों जगह पिछले चुनाव के मुक़ाबले लगभग दोगुने मार्जिन से जीत हुई है।

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि ये दिखाता है कि पंजाब के लोग हमारी सरकार के कामों से बहुत ख़ुश हैं और उन्होंने 2022 से भी ज़्यादा वोट दिया है। गुजरात की जनता अब बीजेपी से परेशान हो चुकी है और उन्हें आम आदमी पार्टी में उम्मीद दिखाई दे रही है। दोनों जगह कांग्रेस और बीजेपी, दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ीं। इन दोनों का एक ही मकसद था – ‘आप’ को हराना। लेकिन लोगों ने दोनों जगह इन दोनों पार्टियों को नकार दिया।

Pic Social Media

बता दें कि चार राज्यों की पांच सीटों पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने दो सीटें अपने नाम की हैं। वहीं, बीजेपी, कांग्रेस और टीएमसी के खाते में एक-एक सीट गई है। गुजरात की दो सीटों पर उपचुनाव हुआ। यहां एक सीट बीजेपी और एक सीट आम आदमी पार्टी के खाते में गई। पश्चिम बंगाल में टीएमसी, केरल में कांग्रेस और पंजाब में आम आदमी पार्टी को जीत मिली है। सभी सीटों पर 21 जून को मतदान हुआ और 23 जून को वोटों की गिनती की गई।

AAP के लिए जीत का महत्व

लुधियाना और विसावदर की जीत ने AAP की स्थिति को और मजबूत किया है। खासकर गुजरात में BJP के गढ़ में सेंध लगाना और पंजाब में अपनी साख बरकरार रखना पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि है। अरविंद केजरीवाल और सीएम मान ने इस जीत को जनता के भरोसे और कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा बताया, साथ ही भविष्य में और मजबूती से काम करने का वादा किया।