Recruitment of correspondents at Prasar Bharati; salary up to ₹1.25 lakh

Prasar Bharti: DD न्यूज में रिपोर्टर-सीनियर रिपोर्टर के लिए मौका, सैलरी 1.25 लाख तक

TV जॉब्स
Spread the love

Prasar Bharti:  प्रसार भारती ने दूरदर्शन न्यूज (DD News) के लिए संविदा आधार पर संवाददाता (Correspondent) और वरिष्ठ संवाददाता (Senior Correspondent) के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। ये नियुक्तियां देश के विभिन्न रीजनल न्यूज यूनिट्स (RNU) में एक वर्ष के अनुबंध पर की जाएंगी।

जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, इंफाल, लखनऊ, वाराणसी और देहरादून के लिए चार संवाददाताओं की नियुक्ति होगी। इन पदों के लिए मासिक वेतन 60 हजार रुपये से 80 हजार रुपये के बीच रखा गया है।

वहीं चेन्नई के लिए एक वरिष्ठ संवाददाता की नियुक्ति की जाएगी। इस पद के लिए मासिक वेतन 80 हजार रुपये से 1.25 लाख रुपये तक निर्धारित किया गया है।

संवाददाता पद के लिए पत्रकारिता या मास कम्युनिकेशन में डिग्री/पीजी डिप्लोमा और संबंधित क्षेत्र में कम से कम पांच वर्ष का अनुभव जरूरी है। अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। वहीं वरिष्ठ संवाददाता पद के लिए सात वर्ष का अनुभव, हिंदी और अंग्रेजी के साथ संबंधित क्षेत्रीय भाषा का ज्ञान तथा अधिकतम 45 वर्ष आयु निर्धारित की गई है।

चयनित उम्मीदवारों को रिपोर्टिंग, लाइव इनपुट, इंटरव्यू, न्यूज स्टोरी तैयार करने, सोशल मीडिया कंटेंट, संपादन और न्यूज रूम से जुड़े अन्य कार्यों की जिम्मेदारी निभानी होगी। नियुक्तियां पूर्णकालिक संविदा आधार पर होंगी और अनुबंध अवधि के दौरान किसी अन्य पेशेवर कार्य की अनुमति नहीं होगी।

ऐसे करें आवेदन

इच्छुक और पात्र उम्मीदवार https://avedan.prasarbharati.org पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर करना होगा। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित (Self-attested) प्रतियां भी अपलोड करनी होंगी।

प्रसार भारती ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। केवल शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों से ईमेल के माध्यम से संपर्क किया जाएगा, इसलिए उम्मीदवारों को अपना इनबॉक्स, स्पैम और जंक फोल्डर नियमित रूप से जांचने की सलाह दी गई है। अभ्यर्थी avedanhelpdesk@gmail.com या hrcell413@gmail.com पर स्क्रीनशॉट के साथ ईमेल भेज सकते हैं।