Bihar News: बिहार में किसानों को गुणवत्तायुक्त और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अमानक (सब-स्टैंडर्ड) बीज बेचने वाली कंपनियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही पिछले तीन वर्षों में खराब गुणवत्ता वाले बीजों और संबंधित कंपनियों पर हुई कार्रवाई का पूरा ब्योरा तलब किया गया है।
मीठापुर स्थित कृषि भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री ने बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं और राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्रों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादन को बेहतर बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज सबसे महत्वपूर्ण आधार है।
बीज जांच प्रयोगशालाओं को किया जाएगा मजबूत
बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने राज्य में बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना और सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बिहार में 31 जिला स्तरीय बीज विश्लेषण प्रयोगशालाओं की स्थापना को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है।
उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि इन प्रयोगशालाओं की स्थापना कब शुरू हुई और वर्तमान में इनके विस्तार की क्या स्थिति है। मंत्री ने कहा कि आधुनिक जांच व्यवस्था से बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और किसानों को नकली या खराब बीजों से होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा।
अमानक बीज बेचने वालों पर होगी कार्रवाई
कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने स्पष्ट किया कि हर वर्ष किसानों से अमानक बीजों की शिकायतें प्राप्त होती हैं। ऐसे मामलों में संबंधित कंपनियों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई, इसकी पूरी रिपोर्ट विभाग को उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि यदि बाजार में बिक रहे बीजों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है तो संबंधित कंपनियों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सरकार किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी।
आधार बीज से प्रमाणित बीज उत्पादन पर जोर
बैठक में राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्रों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मौसम और कृषि जरूरतों के अनुरूप फाउंडेशन सीड (आधार बीज) का उत्पादन बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि आधार बीज से प्रमाणित बीज तैयार करने की पूरी श्रृंखला को बिहार राज्य बीज निगम के माध्यम से और मजबूत बनाया जाए, ताकि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध हो सकें।
किसानों को समय पर मिले गुणवत्तापूर्ण बीज
कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों तक सही समय पर प्रमाणित और गुणवत्तायुक्त बीज पहुंचाना है। बीज उपलब्धता में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बीज उत्पादन, जांच और वितरण की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए, ताकि किसानों को बेहतर कृषि उत्पादन के लिए आवश्यक संसाधन समय पर मिल सकें।
