Zoho

Zoho: Zoho में सिक्योरिटी गार्ड कैसे बना सॉफ्टवेयर इंजीनियर, पढ़िए दिलचस्प रिपोर्ट

TOP स्टोरी Trending बिजनेस
Spread the love

Zoho: सोशल मीडिया पर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की कहानी तेजी से वायरल हो रही है।

Zoho: चेन्नई की प्रमुख आईटी कंपनी Zoho में एक सिक्योरिटी गार्ड से सॉफ्टवेयर इंजीनियर (Software Engineer) बनने की दिलचस्प कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। अब्दुल अलीम (Abdul Alim) ने लिंक्डइन पर अपनी पोस्ट शेयर कर कहा कि उन्होंने बिना किसी कॉलेज डिग्री के कड़ी मेहनत, आत्मनिर्भरता और लगातार सीखने के जज्बे से यह मुकाम हासिल किया। उनकी यह यात्रा लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो साबित करती है कि पक्के इरादों से कोई मंजिल दूर नहीं रहती। पढ़िए पूरी खबर…

ये भी पढ़ेंः क्या हाथ पर नंबर लिखने से आप अमीर बन सकते हैं?

घर से निकले सिर्फ 1000 रुपये लेकर

आपको बता दें कि 2013 में अब्दुल अलीम अपने घर से मात्र 1000 रुपये लेकर निकले थे। इनमें से 800 रुपये ट्रेन टिकट पर खर्च हो गए, जिसके बाद उनके पास न तो नौकरी थी और न ही रहने की जगह। करीब दो महीने तक उन्हें सड़क पर गुजारा करना पड़ा। आखिरकार Zoho के ऑफिस में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी मिली, जहां से उनकी जिंदगी में नया मोड़ आया।

12 घंटे की शिफ्ट और सीखने की शुरुआत

हर रोज 12 घंटे की लंबी सिक्योरिटी शिफ्ट के दौरान Zoho के एक सीनियर कर्मचारी ने अब्दुल को नोटिस किया और बातचीत शुरू की। अब्दुल ने बताया कि स्कूल के दिनों में उन्होंने थोड़ी-बहुत HTML सीखी थी। सीनियर ने पूछा कि क्या वे और सीखना चाहते हैं, और इसी से उनकी कोडिंग सीखने की यात्रा शुरू हो गई। शिफ्ट खत्म होने के बाद वे सीनियर के पास जाकर कोडिंग सीखते रहे।

ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25

Pic Social Media

आठ महीने की मेहनत से बना पहला ऐप

लगभग आठ महीने की लगातार मेहनत के बाद अब्दुल ने एक छोटा सा ऐप बना लिया, जो यूजर के इनपुट को विजुअलाइज करता था। सीनियर ने यह ऐप अपने मैनेजर को दिखाया, जिसे इतना पसंद आया कि उन्होंने अब्दुल का इंटरव्यू लेने का फैसला किया। इंटरव्यू पास करने के बाद अब्दुल को Zoho में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर की जॉब मिल गई। यह सफर उनकी काबिलियत को तो दिखाता ही है, साथ ही यह भी सिखाता है कि एक छोटा मौका बड़ा बदलाव ला सकता है।

ये भी पढ़ेंः Google: एक सीनियर प्रोग्रामर ने एक झटके में छोड़ दी गूगल की 3.40 करोड़ की नौकरी, वजह सुनकर चौंक जाएंगे

सोशल मीडिया पर मिली तारीफें

सोशल मीडिया पर लोगों ने अब्दुल की जमकर तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, ‘भाई, आप सच में अच्छे हाथों में हैं। Zoho जैसी कंपनी आपको नई जिंदगी देती है। आपका जुनून और समर्पण ही आपको यह मुकाम दिला सका।’

दूसरे यूजर ने कहा, ‘मैं मिडिल क्लास फैमिली से हूं और आपकी कहानी ने मुझे प्रेरित किया। आपने साबित कर दिया कि शुरुआत कहां से होती है, महत्वपूर्ण नहीं। अहम बात ये है कि आगे बढ़ने का जज्बा कितना मजबूत है। 12 घंटे की शिफ्ट के बाद ज्यादातर लोग आराम करते हैं, लेकिन आपने सीखने को चुना। यह सोच कमाल की है।’ अब्दुल की कहानी हमें यही सिखाती है कि जिंदगी में चुनौतियां आएंगी, लेकिन हार नहीं माननी चाहिए। छोटे-छोटे कदमों से बड़े सपने पूरे होते हैं, और मेहनत का फल जरूर मिलता है।