Weather Alert : दिल्ली समेत NCR के तमाम इलाके गर्मी से बेहाल हैं। 45 डिग्री से ज्यादा तापमान ने दिन तो छोड़िए रात में भी लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। और अगर इस बीच बिजली चली गई तो क्या हाल होता होगा, आप बखूबी समझ सकते हैं। गर्म हवाओं और हीटवेव के चलते जनजीवन प्रभावित है. इस झुलसा देने वाली गर्मी के बीच मौसम विभाग की तरफ से दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है, मौसम विभाग ने आज (14 जून) को राजधानी में बारिश और आंधी की संभावना जताई है.
ये भी पढ़ें: AIR India Plane Crash: उड़ान से ठीक पहले यात्रियों की आखिरी तस्वीर, कहानी पढ़कर रो पड़ेंगे!

दिल्ली समेत कई क्षेत्रों में मिलेगी बारिश से राहत- IMD
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं. दिल्लीवासियों के लिए यह गर्मी से राहत देने वाली स्थिति हो सकती है. गुरुवार (12 जून) को राजधानी में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां हीट इंडेक्स 54.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था.
पश्चिमी विक्षोभ के कारण मिल सकती है थोड़ी राहत, मानसून में देरी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट देखी जा सकती है. साथ ही, कुछ इलाकों में तेज हवाएं और तूफान जैसी स्थिति बन सकती है. किसानों और आम लोगों को इस दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है. इन बदलावों से न केवल गर्मी में थोड़ी राहत मिलेगी, बल्कि हवा की गुणवत्ता में भी सुधार की संभावना है.
हालांकि राहत की यह उम्मीद पूरी तरह से मानसून पर भी निर्भर करेगी. इस बार मानसून दक्षिण भारत में लगभग समय पर पहुंच गया है, लेकिन उत्तरी भारत में इसकी आमद थोड़ी देरी से हो रही है. इसी कारण दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों को लंबे समय तक भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. अगर आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो यह गर्मी के थपेड़ों से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है.
