Vaishno Devi: मां वैष्णो देवी दर्शन के लिए जाने वाले भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी है।
Vaishno Devi: मां वैष्णो देवी के दर्शन की योजना बना रहे भक्तों (Devotees) के लिए राहत की खबर है। सर्दियों की छुट्टियों का मौसम शुरू होते ही माता वैष्णो देवी (Mata Vaishno Devi) जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ जाती है, जिससे ट्रेन टिकट मिलना भी मुश्किल हो जाता है। यात्रियों की इसी बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए उत्तर रेलवे ने बड़ा कदम उठाते हुए नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक स्पेशल ट्रेन (Special Train) चलाने की घोषणा की है, ताकि भक्तों की यात्रा सुगम और आरामदायक हो सके और भीड़ का दबाव कम किया जा सके।

12–14 दिसंबर तक चलेगी स्पेशल ट्रेन
जम्मू रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए आज 12 से 14 दिसंबर तक नई दिल्ली–कटरा (New Delhi–Katra) के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। हर साल दिसंबर में माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा करते हैं, ऐसे में यह फैसला उनके लिए राहत लेकर आया है।
ये भी पढ़ेंः Zero Balance: 2026 से बदल जाएगा जीरो बैलेंस का फार्मूला, अकाउंट में रखने होंगे इतने पैसे
ट्रेन नंबर और टाइमिंग की जानकारी
उत्तर रेलवे ने स्पेशल ट्रेन के नंबर और टाइमिंग की जानकारी भी जारी कर दी है। ट्रेन नंबर 04081 नई दिल्ली से 12 दिसंबर की रात 11:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12 बजे कटरा पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन नंबर 04082 कटरा से रात 9:20 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह स्पेशल ट्रेन भीड़भाड़ के दौरान यात्रियों को सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।

ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
कहां-कहां रुकेगी स्पेशल ट्रेन?
नई दिल्ली से कटरा (New Delhi to Katra) के बीच चलने वाली यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू और शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर) स्टेशनों पर रुकेगी। यह रूट यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिससे रास्ते में सभी प्रमुख स्टेशनों पर स्टॉप मिल सके।
ये भी पढ़ेंः Noida: I-Phone खरीदने वालों के लिए खुशखबरी..एप्पल ने नोएडा में खोला अपना 5वां स्टोर
जानिए कितना लगेगा किराया?
नई दिल्ली से कटरा के लिए चलाई जा रही स्पेशल ट्रेन के किराए को लेकर रेलवे ने अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन, इस रूट पर चलने वाली नियमित ट्रेनों के किराए के आधार पर अनुमान लगाया जा सकता है।
इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में नई दिल्ली से कटरा तक एसी चेयर कार का किराया लगभग 1,610 रुपये और एक्जीक्यूटिव क्लास का किराया करीब 3,005 रुपये है। यह किराया सभी चार्ज शामिल होने के बाद का लगभग सामान्य दर माना जाता है।
सामान्य एक्सप्रेस ट्रेनों में एसी थर्ड टियर का किराया लगभग 1,040 रुपये, एसी सेकंड टियर करीब 1,460 रुपये और एसी फर्स्ट क्लास लगभग 2,440 रुपये तक होता है। वहीं, स्लीपर क्लास का किराया लगभग 395 रुपये के आसपास रहता है। इसी आधार पर माना जा रहा है कि इस स्पेशल ट्रेन का किराया भी इसी रेंज में रहेगा। लेकिन, अंतिम किराया रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के बाद ही स्पष्ट होगा।
भक्तों को मिलेगी राहत
उत्तर रेलवे का कहना है कि इस स्पेशल ट्रेन के चलने से यात्रियों को भीड़ वाले दिनों में काफी राहत मिलेगी। माता वैष्णो देवी जाने वाले भक्त बिना परेशानी के अपना सफर पूरा कर सकेंगे और समय पर कटरा पहुंचकर दर्शन का लाभ उठा पाएंगे।
