UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में अपना प्रवेश पत्र दिखाकर किराये में 50 प्रतिशत छूट प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही दूसरे जिलों में परीक्षा देने जाने वाले विद्यार्थियों के लिए जरूरत पड़ने पर अस्थायी ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मोहर्रम को लेकर सख्त निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने आगामी मोहर्रम को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोहर्रम मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं। इसलिए जुलूसों में किसी भी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कानफोड़ू डीजे, ढोल और ताशों के अनियंत्रित उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण रखने को कहा। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा के भीतर रखी जाए और 10 से 12 फीट से अधिक ऊंची ताजियों की अनुमति न दी जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी नई परंपरा की शुरुआत स्वीकार नहीं की जाएगी और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। इस वर्ष “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के साथ योग दिवस मनाया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रदेश की लगभग 57 हजार ग्राम पंचायतों और 762 नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास को प्राथमिकता दी जाएगी। नगरीय क्षेत्रों के 14 हजार वार्डों में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे।
20 जून को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
योग दिवस से पहले 20 जून को प्रदेशभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें नगर विकास, ग्राम्य विकास और पंचायती राज विभाग के साथ शिक्षण संस्थानों की भी भागीदारी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी कराया जाए।
उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं, योग संगठनों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को भी इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन, जनता दर्शन और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिन जिलों में शिकायतों का निस्तारण संतोषजनक नहीं है, उन्हें तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) की तैनाती नहीं है, वहां अगले तीन दिनों के भीतर नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि फील्ड में तैनाती पूरी तरह योग्यता और मेरिट के आधार पर होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि त्योहारों की शांति, परीक्षा की पारदर्शिता, योग दिवस की सफलता और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
