UP News: यूपी में होम्योपैथिक भेषजिक भर्ती का परिणाम जारी, 395 अभ्यर्थियों का चयन

उत्तरप्रदेश
Spread the love

UP News: लखनऊ, 25 जून। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की पारदर्शी और मेरिट आधारित भर्ती प्रक्रिया का एक और परिणाम सामने आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने होम्योपैथिक भेषजिक भर्ती के अंतिम परिणाम की घोषणा कर दी है। आयोग ने 397 रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी करते हुए 395 अभ्यर्थियों का चयन किया है। दो पद दिव्यांग वर्ग की उपश्रेणियों में योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण रिक्त रह गए। आयोग ने गुरुवार को अंतिम परिणाम के साथ श्रेणीवार कटऑफ भी जारी कर दी।

लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर हुआ चयन

आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अंतिम चयन सूची लिखित परीक्षा और अभिलेख परीक्षण (दस्तावेज सत्यापन) के आधार पर तैयार की गई है। चयनित अभ्यर्थियों में 159 अनारक्षित वर्ग, 83 अनुसूचित जाति, 7 अनुसूचित जनजाति, 107 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और 39 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के उम्मीदवार शामिल हैं। इसके अलावा महिला वर्ग से 82 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

जानिए किस श्रेणी की कितनी रही कटऑफ

भर्ती के साथ आयोग ने श्रेणीवार कटऑफ अंक भी जारी किए हैं। अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 48.75 अंक रही। अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए यह 42.75 अंक, अनुसूचित जाति के लिए 38.75 अंक, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 38.50 अंक और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 34.50 अंक निर्धारित की गई है।

कुछ पदों पर नहीं मिले योग्य अभ्यर्थी

आयोग ने बताया कि उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी के लिए निर्धारित सात पदों पर योग्य उम्मीदवार उपलब्ध नहीं मिले। ऐसे में इन पदों पर मेरिट के आधार पर अन्य पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया गया। वहीं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित श्रेणी के सात पदों में केवल चार योग्य अभ्यर्थी मिले, जबकि भूतपूर्व सैनिक श्रेणी में कोई पात्र उम्मीदवार नहीं मिला।

दो पद दिव्यांग वर्ग में रहे रिक्त

दिव्यांगजन वर्ग की एलसी और एएवी उपश्रेणी में एक-एक पद पर उपयुक्त अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण कुल दो पद रिक्त रह गए। आयोग ने स्पष्ट किया कि शासनादेशों के अनुसार इन रिक्त पदों को अनारक्षित श्रेणी में समायोजित किया गया है।

पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से बढ़ा युवाओं का विश्वास

योगी सरकार लगातार भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाने पर जोर दे रही है। इसी का परिणाम है कि होम्योपैथिक भेषजिक भर्ती की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हुई और अधिकांश पदों पर मेरिट के आधार पर चयन किया गया। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की पूरी सूची और श्रेणीवार विवरण अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया है।