UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने आगामी त्योहारों और पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश में शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए सभी कार्यक्रम सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराए जाएं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की समाज-विरोधी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ काम करना होगा।
कई बड़े आयोजन एक साथ
मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश में कई महत्वपूर्ण आयोजन होने वाले हैं।
- 13 मार्च को अलविदा की नमाज
- 14 और 15 मार्च को सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा
- 19 मार्च से चैत्र नवरात्र
- 20 और 21 मार्च को ईद-उल-फितर
इन सभी कार्यक्रमों के कारण यह समय कानून-व्यवस्था के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा है।
एसआई भर्ती परीक्षा में 15.75 लाख अभ्यर्थी
मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 और 15 मार्च को प्रदेश के 1090 परीक्षा केंद्रों पर चार पालियों में एसआई भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें करीब 15 लाख 75 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर PRV-112 की तैनाती सुनिश्चित करने और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के दूसरे जिलों से आने की संभावना है। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखी जाए ताकि कहीं भी जाम या अव्यवस्था की स्थिति न बने।
उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को जिम्मेदारी के साथ तैनात रहने और इंटेलिजेंस तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
नवरात्र के दौरान शक्तिपीठों में विशेष व्यवस्था
चैत्र नवरात्र के दौरान प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंदिर, शाकुंभरी देवी मंदिर, मां विंध्यवासिनी धाम और ललिता देवी मंदिर में सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और सुगम दर्शन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि मंदिरों और धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए।
पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य
मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या कृत्रिम संकट की स्थिति न बनने दी जाए। साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
