UP News: जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, बोले- ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’

उत्तरप्रदेश
Spread the love

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ है सरकार का संकल्प

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार “नर सेवा को नारायण सेवा” मानकर प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों के हित में कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार हर पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा प्रत्येक समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

जरूरतमंदों को मिलेगा इलाज और आवास

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। साथ ही जिन लोगों को आवास की आवश्यकता है, उन्हें सरकारी योजनाओं के तहत आवास उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि हर उचित समस्या का प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा।

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने को भी कहा।

अवैध कब्जों पर होगी सख्त कार्रवाई

भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस और राजस्व अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण हो तथा पीड़ित की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।