ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 मई से शुरू, अंतिम तिथि 1 जून 2025
कृषि, वानिकी, पशुपालन, पर्यावरण विज्ञान आदि विषयों में स्नातक अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
लिखित परीक्षा, साक्षात्कार और शारीरिक परीक्षण के आधार पर होगा चयन
Bihar News: बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में “वनों के क्षेत्र पदाधिकारी” के कुल 24 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना ने विज्ञापन जारी किया है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 मई 2025 से शुरू हो जाएगी और फॉर्म भरने की अंतिम तारीख़ 1 जून 2025 है।
शैक्षणिक योग्यता
इन पदों के लिए वैसे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास पशुपालन एवं पशुरोग विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगर्भ विज्ञान, गणित, भौतिक शास्त्र, सांख्यिकी एवं जंतु विज्ञान में से कम-से-कम एक विषय में स्नातक की डिग्री या कृषि स्नातक, वानिकी अथवा अभियंत्रण में किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या समकक्ष से स्नातक का डिग्रीधारक होना चाहिए।
यह होगी चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। इनमें लिखित परीक्षा, साक्षात्कार और शारीरिक मापदंड परीक्षण शामिल है।
प्रथम चरण में आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा में दो पत्र होंगे। प्रथम प्रश्न पत्र में 100 अंकों की सामान्य हिन्दी की परीक्षा होगी, जिसमें 50 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिसमें न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक अनिवार्य है। प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.2 अंक काटा जाएगा।
ये भी पढ़ेंः Bihar खेल विश्वविद्यालय, राजगीर में प्रथम अकादमिक व एक्टिविटी परिषद की बैठक संपन्न
द्वितीय प्रश्न-पत्र सामान्य अध्ययन का होगा, जो सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक मुद्दों, सामान्य विज्ञान, नागरिक शास्त्र, भारतीय इतिहास, भारतीय भूगोल, गणित एवं मानसिक योग्यता जांच से संबंधित कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्नों का होगा, जिसका पूर्णांक 300 अंकों का होगा और परीक्षा की अवधि दो घंटे की होगी। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 03 अंक दिया जाएगा और प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.3 अंक काटा जाएगा।
द्वितीय चरण में साक्षात्कार होगा। साक्षात्कार में उम्मीदवारों के संपूर्ण व्यक्तित्व एवं वनों के क्षेत्र पदाधिकारी के पद पर नियुक्ति के लिए उनकी योग्यता आंकी जाएगी। साक्षात्कार का कुल अंक 50 होगा। साक्षात्कार में प्राप्त अंक को लिखित परीक्षा के प्राप्तांक में जोड़ा जाएगा और दोनों के योग के आधार पर मेधा सूची तैयार की जाएगी। तृतीय चरण में शारीरिक सामर्थ्य परीक्षण होगा।
ये भी पढ़ेंः Bihar में ‘स्वच्छ बिहार’ पोर्टल की शुरुआत, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा ने किया लॉन्च
आवेदन प्रक्रिया
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने वन विभाग के अंतर्गत रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://bpssc.bihar.gov.in पर जाकर ‘Forest Dept.’ टैब में क्लिक करके ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 1 मई 2025 से प्रारंभ हो चुकी है और अंतिम तिथि 1 जून 2025 निर्धारित की गई है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 24 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
