कैदियों के पुनर्वास संबंधी पहलों में किया इजाफा
300 खतरनाक कैदियों को रखने के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत वाली उच्च सुरक्षा जेल का निर्माण प्रगति पर
जेलों में प्रतिबंधित पदार्थ, दीवार फोड़ने और अवैध मोबाइल उपयोग को रोकने के लिए 8 केंद्रीय जेलों में ए.आई. आधारित सी.सी.टी.वी निगरानी प्रणाली स्थापित, छह और जेलों में विस्तार की योजना
केंदरी जेल बठिंडा में सफलतापूर्वक लागू होने के बाद 12 संवेदनशील जेलों में वी-कवच जैमर लगाने की प्रक्रिया जारी
“शिक्षा दात प्रोजेक्ट” के तहत 2200 कैदियों को शैक्षिक पाठ्यक्रमों में किया गया पंजीकरण
नाभा और फाजिलका में 2 नए पेट्रोल पंप स्थापित, चालू पेट्रोल पंपों की कुल संख्या हुई आठ
जेल प्रशासन को मजबूत करने के लिए 738 वार्डर और 25 मेट्रन की भर्ती, अतिरिक्त पदों की भर्ती शीघ्र की जाएगी
Punjab News: पंजाब के जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने आज जेल विभाग द्वारा वर्ष 2024 के दौरान सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और कैदियों के पुनर्वास के लिए की गई महत्वपूर्ण पहलों के बारे में जानकारी दी।
ये भी पढ़ेः Punjab सरकार ने विजिटर पास प्रक्रिया को किया डिजिटल, अब लंबी लाइनों से मिलेगा छुटकारा
राज्य में जेलों की बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली राज्य सरकार द्वारा लुधियाना के पास 50 एकड़ भूमि में 100 करोड़ रुपये की लागत से उच्च सुरक्षा जेल का निर्माण किया जा रहा है। इस जेल के पूरा होने पर यहां 300 खतरनाक कैदियों को रखा जाएगा।
अधिक जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि विभाग द्वारा तकनीकी उपायों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिसके तहत 8 केंद्रीय जेलों में ए.आई. आधारित सी.सी.टी.वी निगरानी प्रणाली स्थापित की जा रही है, ताकि प्रतिबंधित पदार्थों की तस्करी, दीवार फोड़ने और अवैध मोबाइल उपयोग का पता लगाया जा सके। इस प्रणाली का विस्तार छह और जेलों में किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय जेल बठिंडा में वी-कवच जैमर को सफलतापूर्वक लागू करने के बाद 12 संवेदनशील जेलों में इसे स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि बठिंडा जेल में सुरक्षा के लिए एक अतिरिक्त सी.आर.पी.एफ. कंपनी भी तैनात की गई है।
जेल मंत्री ने बताया कि अवैध मोबाइल उपयोग को रोकने के साथ-साथ संचार के आधुनिक तकनीकी उपायों के तहत जेलों में 750 से अधिक कॉलिंग सिस्टम स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि कैदी अपने परिवारों और वकीलों से संपर्क कर सकें। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा सभी 13 संवेदनशील जेलों को एक्स-रे बैगेज स्कैनरों से लैस किया जा रहा है, साथ ही उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्रों में, जहां खतरनाक कैदी रखे जाते हैं, सी.सी.टी.वी कवरिज भी स्थापित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2023 से कार्यशील किए गए नए खोज, विश्लेषण और इंटेलिजेंस विंग द्वारा गुप्त-आधारित कार्रवाइयों और कैदियों के व्यवहार के विश्लेषण से आंतरिक सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है।
कैदियों के पुनर्वास संबंधी उपायों के बारे में बात करते हुए मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि “शिक्षा दात प्रोजेक्ट” के तहत 2200 कैदियों को शैक्षिक पाठ्यक्रमों में पंजीकरण कराया गया है, जबकि 513 कैदी इस वर्ष दिसंबर में शुरू होने वाले विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों जैसे विद्युत कार्य, प्लम्बिंग और टेलरिंग में पंजीकरण करा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि विभाग द्वारा नाभा और फाजिलका में दो नए पेट्रोल पंप स्थापित किए गए हैं, जिससे वाणिज्यिक गतिविधियों का विस्तार हुआ है, और अब पेट्रोल पंपों की कुल संख्या आठ हो गई है।
ये भी पढ़ेः Punjab: मान सरकार की बड़ी पहल.. टूरिज्म के लिए 73.57 करोड़ के प्रोजेक्ट शुरू
स्टाफ संबंधित आवश्यकताओं के बारे में बात करते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि हाल ही में 738 वार्डर और 25 मेट्रन की भर्ती की गई है और 179 अन्य सुरक्षा स्टाफ की नियुक्तियों की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा विभिन्न काडर की 1220 पदों की स्वीकृति दी गई है, जिसके तहत भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।
जेल मंत्री ने यह भी बताया कि कैदियों और स्टाफ दोनों के मानसिक सहायता के लिए पंजाब जेल विकास बोर्ड के तहत तीन काउंसलर नियुक्त किए गए हैं।
