Punjab News:पंजाब: विशेष मतदाता सूची संशोधन 2026 में दिड़बा और निहाल सिंह वाला ने हासिल किया 100% डिजिटाइजेशन का लक्ष्य

पंजाब
Spread the love

Punjab News: चंडीगढ़, 20 जुलाई। पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 के तहत चल रहे घर-घर गणना अभियान में संगरूर जिले के दिड़बा और मोगा जिले के निहाल सिंह वाला विधानसभा क्षेत्रों द्वारा निर्धारित समय से पहले 100 प्रतिशत गणना फॉर्मों के डिजिटाइजेशन का लक्ष्य हासिल करने पर चुनावी टीमों को बधाई दी है।

चुनावी अमले के सामूहिक प्रयासों की सराहना

मुख्य चुनाव अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO), निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (AERO) और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी प्रतिबद्धता और मिशन मोड में किए गए कार्य का परिणाम है।

अन्य जिलों से भी समय पर लक्ष्य पूरा करने की उम्मीद

अनिंदिता मित्रा ने विश्वास जताया कि राज्य के अन्य जिले भी निर्धारित समय सीमा के भीतर गणना फॉर्मों के डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा कर लेंगे, जिससे विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया समय पर आगे बढ़ सकेगी।

मतदाताओं से गणना फॉर्म जल्द जमा करने की अपील

मुख्य चुनाव अधिकारी ने उन मतदाताओं से अपील की है जिन्होंने अभी तक अपने गणना फॉर्म संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास जमा नहीं कराए हैं, वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि उनका नाम मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) में शामिल हो सके।