Punjab News: हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने पंजाब भवन, चंडीगढ़ में उच्च स्तरीय बैठक कर राज्यभर में चल रही सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बारिश के मौसम से पहले सभी सड़क निर्माण कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं।
बारिश से पहले परियोजनाएं पूरी करने पर जोर
मंत्री ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सड़क निर्माण और मरम्मत का काम तेजी से पूरा होना जरूरी है, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो। उन्होंने बिटुमिन और पेविंग कार्यों में तेजी लाने के लिए साप्ताहिक लक्ष्य तय करने के निर्देश दिए।
साप्ताहिक लक्ष्य और रोजाना निगरानी
लोक निर्माण विभाग पंजाब (पीडब्ल्यूडी) की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि तय किए गए साप्ताहिक लक्ष्यों की रोजाना निगरानी संबंधित मुख्य इंजीनियर करेंगे। समय-समय पर प्रगति की समीक्षा कर जवाबदेही और कार्यक्षमता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को मजबूत और उच्च गुणवत्ता वाली सड़कें मिलनी चाहिए और इसमें किसी भी तरह की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बेहतर सड़क नेटवर्क सरकार की प्राथमिकता
मंत्री ने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार यात्रियों को विश्व स्तरीय सड़क सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, उद्योग और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और लोगों को सुरक्षित व सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी अधिकारी या ठेकेदार ने लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस समय मौसम प्री-मिक्स और कारपेटिंग कार्यों के लिए अनुकूल है, इसलिए पेविंग का काम तुरंत शुरू किया जाए। साथ ही अचानक निरीक्षण कर इंजीनियरिंग मानकों की जांच भी की जाएगी।
समय पर बिल जमा करने के निर्देश
वित्तीय प्रक्रियाओं को सुचारू बनाने के लिए मंत्री ने ठेकेदारों को अपने बिल समय पर जमा कराने के निर्देश दिए, ताकि भुगतान में देरी न हो और काम तेजी से आगे बढ़ सके।
बैठक में प्रशासनिक सचिव रवि भगत, इंजीनियर-इन-चीफ गगनदीप सिंह, चीफ इंजीनियर अनिल गुप्ता और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
