Punjab News: श्री गुरु रविदास जी द्वारा दिए गए समानता, करुणा और सामाजिक न्याय के संदेश को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए पंजाब सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। सरकार जालंधर ज़िले में डेरा बल्लां के पास श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र स्थापित करेगी।
जालंधर में बनेगा बाणी अध्ययन केंद्र
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि यह अध्ययन केंद्र पूरे देश में अपनी तरह की अनूठी पहल होगी। इसका उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं, बाणी और विचारधारा का अध्ययन, संरक्षण और प्रचार करना है।

9 एकड़ से अधिक भूमि अध्ययन केंद्र के नाम
हरपाल सिंह चीमा ने जानकारी दी कि पंजाब सरकार ने इस अध्ययन केंद्र के लिए 9 एकड़ से अधिक भूमि दर्ज कराई है। इसके लिए कुल तीन रजिस्ट्रियां की गई हैं।
इन रजिस्ट्रियों में गाँव नौगजा और गाँव फरीदपुर की भूमि शामिल है। कुल क्षेत्रफल 76 कनाल 19 मरले है और इस पर लगभग 7 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की गई है।
सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध
वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को पूरी दुनिया तक पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस नेक कार्य में योगदान देने पर गर्व है।
आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान का केंद्र
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि यह अध्ययन केंद्र आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान और प्रेरणा का स्रोत बनेगा। इससे युवाओं को श्री गुरु रविदास जी के विचारों को समझने और समाज में समानता की भावना को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
शोध और जागरूकता पर रहेगा फोकस
उन्होंने बताया कि श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र में सेमिनार, शोध कार्य, प्रकाशन और समुदाय आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को संरक्षित करना और समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना है।
