Punjab News:भारत टेक्स 2026 में चमका पंजाब, निवेशकों को आकर्षित करने के लिए उद्योग मंत्री अमन अरोड़ा ने रखा विजन

पंजाब
Spread the love

Punjab News: चंडीगढ़, 14 जुलाई। भारत के सबसे बड़े टेक्सटाइल व्यापार मंच भारत टेक्स 2026 में पंजाब ने अपनी औद्योगिक क्षमता और निवेश संभावनाओं का दमदार प्रदर्शन किया। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने चार दिवसीय आयोजन के दौरान पंजाब को देश के सबसे पसंदीदा टेक्सटाइल निवेश केंद्र के रूप में प्रस्तुत करते हुए उद्योग जगत से राज्य में निवेश करने का आह्वान किया। पंजाब इस वर्ष भारत टेक्स 2026 का पार्टनर स्टेट भी है।

निवेशकों को दिया पूरा सहयोग का भरोसा

अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रही है और निवेशकों को हर संभव प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में मजबूत औद्योगिक आधार, बेहतर कनेक्टिविटी, कुशल मानव संसाधन और उद्योग समर्थक नीतियां टेक्सटाइल सेक्टर के विकास के लिए उपयुक्त वातावरण प्रदान करती हैं।

टेक्सटाइल सेक्टर में नए निवेश और रोजगार पर जोर

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य पंजाब को टेक्सटाइल एवं परिधान निर्माण का अग्रणी केंद्र बनाना है। इसके लिए आधुनिक विनिर्माण, तकनीक आधारित उत्पादन, निर्यात बढ़ाने और वैश्विक सप्लाई चेन से जुड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का मानना है कि इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

भारत टेक्स 2026 बना वैश्विक मंच

14 से 17 जुलाई तक आयोजित भारत टेक्स 2026 में देश-विदेश के उद्योगपति, निवेशक, खरीदार और टेक्सटाइल विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन में टेक्सटाइल वैल्यू चेन, तकनीकी नवाचार, निवेश, निर्यात, सतत विकास और वैश्विक व्यापार जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हो रही है।

पंजाब की औद्योगिक पहचान को मिलेगा नया विस्तार

राज्य सरकार को उम्मीद है कि भारत टेक्स 2026 में भागीदारी से पंजाब के टेक्सटाइल उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। इससे नए निवेश आकर्षित होंगे, एमएसएमई इकाइयों को बढ़ावा मिलेगा और राज्य का टेक्सटाइल सेक्टर वैश्विक प्रतिस्पर्धा में और अधिक मजबूत होगा।