Chhattisgarh News: रायपुर, 14 जुलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान मंगलवार को विधानसभा परिसर लोकतंत्र की जीवंत पाठशाला बन गया। भिलाई स्थित शकुंतला विद्यालय के कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण के तहत विधानसभा पहुंचकर सदन की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय प्रक्रियाओं और संविधान की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्रों को दिया प्रेरक संदेश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आज के छात्र ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की आकांक्षाओं को सदन तक पहुंचाने की सतत प्रक्रिया है। विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर चर्चा होती है और जनता के कल्याण के लिए कानून एवं नीतियां बनाई जाती हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने संविधान के प्रति जागरूक रहने का किया आह्वान
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अध्ययन के साथ-साथ संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली समझने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
प्रश्नकाल और संसदीय प्रक्रियाओं को देखा करीब से
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दर्शक दीर्घा से प्रश्नकाल, विभिन्न विषयों पर हुई चर्चाओं और संसदीय प्रक्रियाओं का अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने विधानसभा भवन की संरचना, कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त कीं।
छात्रों ने बताया यादगार और प्रेरणादायक अनुभव
विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक और अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि पुस्तकों में पढ़ी गई संसदीय व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर उनके लिए बेहद खास रहा। उनका कहना था कि इस अनुभव से लोकतंत्र, संविधान और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर उनकी समझ और अधिक मजबूत हुई है।
जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और विधायक रिकेश सेन भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने और देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
