Chhattisgarh News: रायपुर, 14 जुलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव तथा सभी विधायकों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मां के प्रति कृतज्ञता, प्रकृति के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का प्रतीक है।
विधानसभा से पूरे प्रदेश को दिया हरित संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर यानी विधानसभा से दिया गया यह संदेश पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा करेगा। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे वृक्षारोपण को जनभागीदारी का मजबूत आधार मिलेगा।
जलवायु परिवर्तन से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय है वृक्षारोपण
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया आज जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, अनियमित वर्षा और जैव विविधता के संकट जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में वृक्षारोपण मानव जीवन, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम पर लगाए और उसकी देखभाल परिवार के सदस्य की तरह करे।
विकसित छत्तीसगढ़ के साथ हरित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के साथ-साथ वन संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने, जल संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन को भी प्राथमिकता दे रही है। उनका विश्वास है कि ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देगा।
सभी विधायकों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्
कार्यक्रम में विधानसभा के सभी सदस्यों ने अपनी माताओं के नाम पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां जनप्रतिनिधियों ने तस्वीरें खिंचवाकर प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
