Punjab News: 14 मई को चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब के वित्त मंत्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता Harpal Singh Cheema ने भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां अपराध, गैंगस्टर और गुंडागर्दी आम हो चुकी है। चीमा ने दावा किया कि भाजपा शासन वाले राज्यों में कानून व्यवस्था पूरी तरह कमजोर हो गई है, जबकि पंजाब में Bhagwant Mann की सरकार ने गैंगस्टर नेटवर्क पर सफलतापूर्वक नियंत्रण किया है।
एनसीआरबी आंकड़ों का हवाला देकर भाजपा पर हमला
हरपाल सिंह चीमा ने नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा शासित राज्यों में अपराध दर लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में अपराध दर 1602 प्रति लाख आबादी है, जो देश में सबसे अधिक है। इसके अलावा गुजरात में 806, हरियाणा में 739.2, मणिपुर में 627.8, मध्य प्रदेश में 570.3, महाराष्ट्र में 470.4, ओडिशा में 431.2, राजस्थान में 390.4 और चंडीगढ़ में 338.9 अपराध दर दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि इसके मुकाबले पंजाब का अपराध दर 227.1 है, जो यह दिखाता है कि पंजाब सरकार ने अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की है। चीमा ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता पाने और उसे बनाए रखने के लिए नफरत, डर और हिंसा की राजनीति करती है, जिससे पूरे देश में अपराध बढ़ रहा है।
चंडीगढ़ की घटना को बताया प्रशासन की नाकामी
चीमा ने हाल ही में चंडीगढ़ में 18 साल के युवक की दिनदहाड़े हुई हत्या का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कभी “सिटी ब्यूटीफुल” कहलाने वाला चंडीगढ़ अब अपराध के मामलों के लिए चर्चा में आने लगा है। चूंकि चंडीगढ़ सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आता है, इसलिए भाजपा इस बिगड़ती कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
गुजरात जेल से गैंगस्टर नेटवर्क चलाने का आरोप
गैंगस्टरवाद के मुद्दे पर हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में संगठित अपराध और गैंगस्टरवाद को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने बदनाम गैंगस्टर Lawrence Bishnoi का उदाहरण देते हुए कहा कि वह गुजरात की जेल में बंद रहते हुए भी खुलेआम धमकियां और एक्सटॉर्शन नेटवर्क चला रहा है।
चीमा ने आरोप लगाया कि कई राज्यों की पुलिस द्वारा वांटेड होने के बावजूद उसकी कस्टडी ट्रांसफर नहीं की जा रही है और भाजपा सरकार इस पूरे मामले पर आंखें बंद करके बैठी है।
पंजाब सरकार की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स की तारीफ
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में संगठित अपराध को खत्म करने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने खास “एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स” बनाकर बड़े गैंगस्टरों को जेल भेजा और अपराध नेटवर्क की कमर तोड़ दी।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछली अकाली-भाजपा और कांग्रेस सरकारों के समय पंजाब में टारगेट किलिंग, गैंगस्टरों का महिमामंडन और राजनीतिक हिंसा जैसी घटनाएं आम हो चुकी थीं, लेकिन मौजूदा सरकार ने हालात में सुधार किया है।
भाजपा पर डराने-धमकाने की राजनीति का आरोप
चीमा ने भाजपा पर पंजाब और देश की प्रभावशाली हस्तियों को डराने-धमकाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाबी आवाजों को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने Diljit Dosanjh का नाम लेते हुए कहा कि राजनीति में आने से इनकार करने के बाद उनसे जुड़े लोगों को निशाना बनाया गया।
उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेता पंजाब के मामलों में दखल देते हैं, लेकिन अपने राज्यों में अपराध रोकने में असफल साबित हुए हैं। अंत में चीमा ने कहा कि भाजपा का “पंजाब विरोधी और लोकतंत्र विरोधी चेहरा” अब पूरे देश के सामने आ चुका है।
