Punjab News: पंजाब सरकार ने राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री Sanjeev Arora ने मंडी गोबिंदगढ़ के वजीराबाद इंडस्ट्रियल पार्क में Cargill Private Limited के नए डेयरी फीड प्लांट का उद्घाटन किया। इस अत्याधुनिक प्लांट पर लगभग 300 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा डेयरी फीड प्लांट
यह प्लांट 15 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है और इसकी सालाना उत्पादन क्षमता 4.5 लाख मीट्रिक टन है। इसे दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा डेयरी फीड निर्माण प्लांट बताया जा रहा है। बठिंडा के बाद यह पंजाब में कारगिल की दूसरी बड़ी यूनिट है, जिससे राज्य की कृषि और डेयरी उद्योग को मजबूती मिलेगी।
किसानों की आय और दूध उत्पादन में होगा इजाफा
मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि इस प्लांट से डेयरी किसानों को उच्च गुणवत्ता वाला पशु चारा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगा। इससे दूध की मात्रा और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा। वैज्ञानिक तरीके से तैयार किया गया यह फीड पशुओं की सेहत को बेहतर बनाएगा और किसानों की आय बढ़ाने में मदद करेगा।

उन्होंने भरोसा जताया कि जिस तरह पंजाब देश का अन्न भंडार है, उसी तरह आने वाले समय में दूध उत्पादन में भी अग्रणी राज्य बनेगा।
पंजाब बन रहा निवेशकों की पसंदीदा जगह
मंत्री ने कहा कि Bhagwant Mann सरकार के नेतृत्व में पंजाब में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है। Invest Punjab पहल के तहत राज्य में लगातार नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
1000 युवाओं को मिलेगा रोजगार
स्थानीय विधायक लखबीर सिंह राय ने बताया कि इस प्लांट के शुरू होने से क्षेत्र के करीब 1000 युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इससे आसपास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी।
प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026 से बढ़ेगा निवेश
मंत्री ने जानकारी दी कि 13 से 15 मार्च तक मोहाली में प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026 आयोजित की जाएगी। इस समिट में देश और विदेश के बड़े निवेशकों के शामिल होने की उम्मीद है। सरकार का लक्ष्य पंजाब को देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में शामिल करना है।
