Punjab News

Punjab News: अमन अरोड़ा ने संभाला उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री का पदभार, बोले- पंजाब को बनाएंगे सबसे पसंदीदा निवेश केंद्र

पंजाब
Spread the love

Punjab News: पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री Aman Arora ने मंगलवार को उद्योग भवन, चंडीगढ़ में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री के रूप में आधिकारिक तौर पर पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पंजाब को देश का सबसे पसंदीदा निवेश केंद्र बनाने और युवाओं के लिए बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

निवेश और रोजगार पर रहेगा फोकस

पदभार संभालने के बाद अमन अरोड़ा ने मुख्यमंत्री Bhagwant Mann और Arvind Kejriwal का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता पंजाब में उद्योगों के लिए बेहतर और पारदर्शी माहौल तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि राज्य में लालफीताशाही को खत्म कर निवेशकों को आसान सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि पंजाब उद्योगों के लिए सबसे भरोसेमंद और आकर्षक राज्य बन सके।

अमन अरोड़ा ने स्पष्ट किया कि हर नए औद्योगिक विस्तार का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योग, कौशल विकास और हरित ऊर्जा को एक साथ जोड़कर राज्य में मजबूत आर्थिक ढांचा तैयार कर रही है।

“ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” पर जोर

नवनियुक्त उद्योग मंत्री ने कहा कि उनका लक्ष्य पंजाब को “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” के मामले में अग्रणी राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसा औद्योगिक वातावरण तैयार किया जाएगा, जहां निवेशकों को तेजी से अनुमति मिले और युवाओं को सम्मानजनक एवं कौशल आधारित नौकरियां प्राप्त हों।

उन्होंने यह भी कहा कि उद्योग एवं वाणिज्य विभाग को अब कौशल विकास और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों के साथ जोड़ा जा रहा है, जिससे राज्य में सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा मिलेगा और विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

अधिकारियों को दिए तेज काम के निर्देश

पदभार ग्रहण करने के बाद अमन अरोड़ा ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को प्रगति पर चल रही औद्योगिक परियोजनाओं में तेजी लाने और राज्य में अधिक निवेश आकर्षित करने के लिए सक्रिय प्रयास करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्वागत

उद्योग भवन पहुंचने पर प्रमुख सचिव उद्योग एवं वाणिज्य, पंजाब विकास आयोग, इनवेस्ट पंजाब, पंजाब इन्फोटेक, पीएसआईडीसी और पंजाब वित्त निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने अमन अरोड़ा का स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि अमन अरोड़ा पहले से ही रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण, नई एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत, सुशासन एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।