Punjab News: नरिंदर कौर भराज का दावा, भाजपा ने ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत दिया ऑफर

पंजाब
Spread the love

Punjab News: संगरूर से आम आदमी पार्टी की विधायक नरिंदर कौर भराज ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत उन्हें पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया। भराज के मुताबिक हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से उनसे संपर्क किया गया और भाजपा की टिकट देने का प्रस्ताव रखा गया।

भाजपा की टिकट और शर्तें पूरी करने का दिया गया प्रस्ताव

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भराज ने कहा कि उन्हें संगरूर से भाजपा की टिकट देने की बात कही गई। साथ ही यह भी कहा गया कि उनकी जो भी मांग होगी, उसे पूरा किया जाएगा। भराज ने इस प्रस्ताव को ठुकराने की बात कही और कहा कि वह आम आदमी पार्टी की विचारधारा के साथ खड़ी हैं।

मैं किसान की बेटी हूं, बिकाऊ नहीं: भराज

नरिंदर कौर भराज ने कहा कि वह एक छोटे किसान परिवार से आती हैं और 19 साल की उम्र में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ी थीं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने उन्हें 27 साल की उम्र में विधायक बनने का मौका दिया। उन्होंने साफ कहा कि वह और उनकी पार्टी के विधायक किसी भी तरह के लालच में आने वाले नहीं हैं।

नायब सैनी पर सीधा हमला

भराज ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पंजाब की राजनीति में दखल देने के बजाय हरियाणा पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता और आप विधायक मजबूती से अपनी पार्टी के साथ खड़े हैं।

बलतेज पन्नू ने भी भाजपा पर साधा निशाना

आप पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन लोटस’ के जरिए चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐसी कोशिशें पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन सफल नहीं हुईं।

पन्नू ने कहा कि पंजाब में केजरीवाल मॉडल लागू है, जहां लोगों को मुफ्त बिजली और अन्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब के विधायक और कार्यकर्ता बिकाऊ नहीं हैं।

2027 चुनाव की तैयारी का दावा

आप नेताओं ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और 2027 के चुनावों के लिए तैयार है। उनका कहना है कि किसी भी तरह के दबाव या लालच से पार्टी कमजोर नहीं होगी।