Bihar News

Bihar News: पटना में शुरू हुआ आम महोत्सव, किसानों से सीधे खरीदें कार्बाइड फ्री आम

दिल्ली NCR
Spread the love

Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में आम प्रेमियों के लिए खास अवसर आया है। नाबार्ड की ओर से बुद्ध मार्ग स्थित बिहार राज्य सहकारी संघ परिसर में दो दिवसीय आम महोत्सव का आयोजन किया गया है। 25 और 26 जून तक चलने वाले इस महोत्सव में लोग सीधे आम उत्पादक किसानों से पेड़ पर पके, रसायनमुक्त यानी कार्बाइड फ्री आम खरीद सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण आम पहुंचाना है।

किसानों से सीधे खरीद सकेंगे आम

आम महोत्सव में शहरवासी बिना किसी बिचौलिए के किसानों से सीधे विभिन्न किस्मों के आम खरीद सकते हैं। यहां केवल प्राकृतिक रूप से पके हुए कार्बाइड फ्री आम उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता और स्वाद मिलेगा।

रामकृपाल यादव ने की पहल की सराहना

बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने महोत्सव का शुभारंभ करते हुए कहा कि नाबार्ड की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बिहार के आम अपनी मिठास और गुणवत्ता के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध हैं और यह राज्य की संस्कृति तथा पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसान केवल उत्पादन तक सीमित न रहें, बल्कि भंडारण, प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग, विपणन, मूल्य संवर्धन और निर्यात की पूरी प्रक्रिया में भागीदार बनें।

पीवीसीएस को बनाया जाएगा मल्टी परपज पैक्स

मंत्री ने बताया कि सहकारिता विभाग ने सभी प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों (पीवीसीएस) का गठन किया है। जल्द ही इन्हें मल्टी परपज पैक्स (एम-पैक्स) में बदला जाएगा।

इसके बाद ये समितियां फल, फूल, मसाले, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन, डेयरी, बकरी पालन, पोल्ट्री, बीज, उर्वरक, भंडारण, पैकेजिंग और ब्रांडिंग सहित कई गतिविधियों में किसानों की मदद करेंगी।

किसानों से संगठित होने की अपील

रामकृपाल यादव ने आम उत्पादक किसानों से नई तकनीक अपनाने और संगठित होकर बाजार से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें बेहतर बाजार तथा आर्थिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

किसानों को मिलेगा सीधा बाजार

नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह ने बताया कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों को सीधे ग्राहकों से जोड़ना है, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके।

उन्होंने कहा कि महोत्सव शुरू होते ही किसान लगभग 4 से 5 क्विंटल आम बेच चुके हैं। इससे उन्हें ग्राहकों की पसंद समझने और अपनी मार्केटिंग क्षमता बढ़ाने का अवसर भी मिल रहा है।

आधुनिक बागवानी की भी मिलेगी जानकारी

गौतम कुमार सिंह ने बताया कि महोत्सव के दौरान किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों, फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान (पोस्ट-हार्वेस्ट लॉस) को कम करने और बेहतर पैकेजिंग व विपणन के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। विशेषज्ञ किसानों के साथ संवाद कर उन्हें नई तकनीकों की जानकारी देंगे।

कई संस्थाओं के प्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में बिहार राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष विनय कुमार शाही, बिहार राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष रमेश चंद्र चौबे, बिस्कोमान के चेयरमैन विशाल सिंह, बिहार राज्य ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक दीपक कुमार सहित कई अधिकारियों और कृषि क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने किसानों को सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।