Punjab Flood

Punjab Flood: बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे CM भगवंत मान, नाव से लिया हालात का जायजा

पंजाब राजनीति
Spread the love

केंद्र सरकार से की मुआवजा बढ़ाने की मांग

Punjab Flood: पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान (CM Bhagwant Singh Mann) ने फिरोजपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नाव से हालात का जायजा लिया और पीड़ितों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के कारण 10 से अधिक जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मौजूदा समय में करीब तीन लाख एकड़ खेत डूबे हुए हैं, जिनमें ज्यादातर में धान की फसल थी। सीएम मान ने केंद्र सरकार से मुआवजे के मानकों में संशोधन की मांग की।

Pic Social Media

मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से तैयार फसलों और पशुधन को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार से मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग की। सीएम मान ने कहा कि किसानों को कम से कम 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा मिलना चाहिए। साथ ही बाढ़ से जान गंवाने वाले परिवारों को मिलने वाली एक्स-ग्रेशिया राशि 4 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (CM Bhagwant Singh Mann) ने फिरोजपुर के गटी राजो गांव में अधिकारियों के साथ नाव से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि तैयार फसलों, खासकर धान की फसलों, को भारी नुकसान हुआ है, जो कुछ हफ्तों में कटाई के लिए तैयार थीं। सीएम ने मांग की कि किसानों को कम से कम 50,000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए, क्योंकि मौजूदा 6,800 रुपये प्रति एकड़ की दर वास्तविक नुकसान और बढ़ती खेती लागत की तुलना में नगण्य है।

विकलांगों और पशुपालकों को राहत का प्रस्ताव

सीएम मान ने कहा कि बाढ़ से अपंग हुए लोगों को मौजूदा 74 हजार रुपये और 2.50 लाख रुपये की जगह क्रमशः 1.50 लाख और 5 लाख रुपये मिलना चाहिए। उन्होंने पशुधन के नुकसान को भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर बताया और कहा कि डेयरी व पशुपालन से जुड़े परिवारों को पर्याप्त राहत मिलनी चाहिए।

ये भी पढ़ेंः Punjab Flood: बाढ़ में भी बनकर ढाल खड़ी है मान सरकार, हर परिवार तक पहुंच रही सहायता

केंद्र सरकार से की अपील

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए दिशा-निर्देशों को किसानों और पीड़ितों के लिए नाकाफी बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मुआवजा मानकों में संशोधन और पंजाब का रोका गया 60 हजार करोड़ रुपये का फंड जारी करने की मांग की। सीएम ने कहा कि हालिया बाढ़ से पंजाब के 1300 से अधिक गांव और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं।

Pic Social Media

राज्य सरकार की राहत और बचाव कार्यों पर निगरानी

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ितों को राहत और बचाव कार्यों के जरिए सहारा देने में जुटी हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि गांववासियों के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए। सीएम ने दावा किया कि वह स्वयं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और इस कठिन समय में हर संभव मदद की जाएगी।

ये भी पढ़ेंः Punjab Flood: पंजाब के CM मान की अपील, बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए बढ़ाएं हाथ

पंजाब को मिलना चाहिए उसका हक

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब ने देश को अनाज उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाया है, इसलिए अब समय आ गया है कि राज्य को उसका जायज हक लौटाया जाए। उन्होंने कहा कि पंजाबियों में हर संकट से लड़ने की ताकत है और इस बार भी राज्य सरकार लोगों के कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।