मंत्री डॉ. बलबीर ने कहा, नशे के खिलाफ एकजुट होकर पंजाब को नशामुक्त बनाने में आगे आने वाले विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित
‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मैराथन को डॉ. बलबीर सिंह ने पोलो ग्राउंड से किया रवाना
डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी की अगुवाई में स्कूलों व कॉलेजों के हजारों विद्यार्थियों व पटियालावासियों ने नशा विरोधी मैराथन में लिया हिस्सा
Punjab News: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बच्चों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ संगठित होकर पंजाब को नशामुक्त बनाने में आगे आएं। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थियों को पंजाब सरकार द्वारा जिला एवं राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने आज सुबह जिला प्रशासन द्वारा डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव और एसएसपी डॉ. नानक सिंह की अगुवाई में पोलो ग्राउंड से आयोजित ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

स्वास्थ्य मंत्री ने बच्चों को “हमारे हीरो” बताते हुए प्रेरित किया कि वे न सिर्फ खुद नशे से दूर रहें, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों से अवगत करवाएं।
इस आयोजन में 10 हजार से अधिक स्कूली व कॉलेज विद्यार्थियों, शिक्षकों, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने भाग लिया। संबोधित करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब को रंगला पंजाब बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा गांव-गांव में खेल मैदान और पुस्तकालय बनाए जा रहे हैं ताकि युवाओं को सकारात्मक दिशा दी जा सके।

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय आदर्श जैसे शहीद भगत सिंह, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, लाल बहादुर शास्त्री आदि ने शिक्षा और राष्ट्रीय चेतना को अपनी ताकत बनाया। बच्चों से प्रेरणा लेने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी भी हमारे नायक हैं, जो कभी नशा नहीं करेंगे और दूसरों के लिए आदर्श बनकर पंजाब सरकार का साथ देंगे।
उन्होंने अल्बर्ट आइंस्टीन और एलन मस्क का हवाला देते हुए कहा कि बच्चे यह संकल्प लें कि वे कभी नशा नहीं करेंगे, क्योंकि नशा हमें आगे बढ़ने से रोकता है जबकि शिक्षा रास्ता दिखाती है। शिक्षा का मार्ग अपनाकर बच्चे खुद भी प्रेरणा स्रोत बनें और नशामुक्त पंजाब के निर्माण में भागीदार बनें।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव ने स्वास्थ्य मंत्री सहित सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि जिस जोश और उत्साह के साथ पटियालावासियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया, उससे यह विश्वास है कि जिला पटियाला भी जरूर नशामुक्त बनेगा। एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने भी लोगों द्वारा पंजाब पुलिस को दिए समर्थन के लिए धन्यवाद कहा।
इस दौरान नशा विरोधी शपथ भी दिलाई गई और पद्मश्री प्राण सभरवाल के नेतृत्व में नाटक मंडली द्वारा नशा विरोधी नाटक प्रस्तुत किया गया।
मैराथन का मार्ग: पोलो ग्राउंड से शुरू होकर वाईपीएस चौक, ठिकरीवाल, फव्वारा चौक, लीला भवन, बारादरी, शेरांवाला गेट, फूल सिनेमा होते हुए मोदी कॉलेज चौक से वापस पोलो ग्राउंड में समाप्त हुआ।
