मुख्यमंत्री ने 41 योजनाओं का उद्घाटन और 32 परियोजनाओं का किया शिलान्यास
Pragati Yatra: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) शनिवार को प्रगति यात्रा के तहत बक्सर (Buxar) पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के विकास के लिए 450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बक्सर जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें 41 योजनाओं का उद्घाटन और 32 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
ये भी पढ़ेः Bihar: 38वें राष्ट्रीय खेलों में बिहार की ऐतिहासिक जीत, महिला एथलीट्स का शानदार प्रदर्शन

41 योजनाओं का उद्घाटन और 32 परियोजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) ने बक्सर जिले के विकास के लिए 41 योजनाओं का उद्घाटन और 32 नई योजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, जलापूर्ति, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी कई अहम योजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने राजपुर पंचायत सरकार भवन का भी उद्घाटन किया और कहा कि इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता आएगी और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिलेगा।
जलापूर्ति और सिंचाई योजनाओं का शुभारंभ
मुख्यमंत्री नीतीश ने सिमरी प्रखंड के केशोपुर गांव में बहुग्राम जलापूर्ति योजना का उद्घाटन किया, जिसके तहत 20 पंचायतों को गंगा का शुद्ध जल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा, चौसा में सिंचाई परियोजना का भी शुभारंभ किया गया, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा और कृषि कार्यों में सहूलियत होगी।

रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास आरओबी का शिलान्यास
मुख्यमंत्री नीतीश ने रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी समपार फाटक के पास एक नए रेल ओवरब्रिज (आरओबी) का शिलान्यास भी किया। इस पुल के बनने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

विकास कार्यों का निरीक्षण और विभागीय स्टॉल का अवलोकन
मुख्यमंत्री नीतीश ने जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया और सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए विभागीय स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं को तेज़ी से और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए ताकि जनता को जल्द से जल्द लाभ मिल सके।
