Palki Sharma: फर्स्टपोस्ट’ (Firstpost) की मैनेजिंग एडिटर पलकी शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पलकी शर्मा अब अपना खुद का नया वेंचर शुरू करने जा रही हैं। यह जानकारी कंपनी के एम्प्लॉयीज के साथ एक आंतरिक कम्युनिकेशन के जरिए साझा की गई है। ‘फर्स्टपोस्ट’ के सीनियर एग्जिक्यूटिव संतोष मेनन ने इस बारे में एम्प्लॉयीज को भेजे गए नोट में लिखा, “भारी मन से मैं ‘फर्स्टपोस्ट’ में एक अहम लीडरशिप बदलाव की जानकारी साझा कर रहा हूं। मैनेजिंग एडिटर के तौर पर एक शानदार कार्यकाल के बाद पलकी शर्मा ने पद छोड़ने का फैसला किया है।”

संतोष मेनन ने आगे लिखा कि फर्स्टपोस्ट में अपने कार्यकाल के दौरान पलकी शर्मा ने प्राइम टाइम शो ‘Vantage’ की शुरुआत में बेहद अहम भूमिका निभाई। उन्होंने शो की एडिटोरियल दिशा तय करने में भी बड़ा योगदान दिया।
उन्होंने इस शो को साफ सोच, गहरी समझ और भारतीय दृष्टिकोण से वैश्विक खबरें पेश करने की मजबूत प्रतिबद्धता के साथ एंकर किया, जिसकी काफी सराहना हुई।
ऑन-एयर भूमिका के अलावा पलकी शर्मा ने Firstpost की मजबूत एडिटोरियल टीम खड़ी करने और उच्च स्तर की पत्रकारिता की संस्कृति विकसित करने में भी अहम योगदान दिया। संतोष मेनन ने लिखा, “हम उनके योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद करते हैं और उनके आने वाले उद्यमी सफर के लिए उन्हें ढेरों शुभकामनाएं देते हैं।”
इस बीच, संतोष मेनन ने यह भी जानकारी दी कि बिनॉय प्रभाकर Firstpost से जुड़ गए हैं। वह अब चीफ कंटेंट ऑफिसर की जिम्मेदारी संभालेंगे।

संतोष मेनन ने अपने नोट में लिखा, “अब जब हम एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं, तो हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बिनॉय प्रभाकर Firstpost से जुड़ रहे हैं। वह एक बेहद अनुभवी एडिटर हैं और उन्होंने Hindustan Times, The Economic Times, The Indian Express जैसी प्रमुख मीडिया संस्थाओं के साथ काम किया है। इसके अलावा वह हमारे ही ग्रुप के Moneycontrol और CNBCTV18.com से भी जुड़े रहे हैं।”
नोट में आगे बताया गया कि बिनॉय प्रभाकर को 25 साल से ज्यादा का एडिटोरियल अनुभव है और डिजिटल न्यूज़ ऑपरेशंस को खड़ा करने और लीड करने का उनका रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। वह Firstpost में चीफ कंटेंट ऑफिसर के तौर पर शामिल हो रहे हैं और ब्रैंड के अगले और रोमांचक दौर में एडिटोरियल दिशा को मजबूत करेंगे।
