Greater Noida west

Greater Noida west: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इस स्कूल पर फूटा पेरेंट्स का गुस्सा, वजह भी जान लीजिए

ग्रेटर नोएडा- वेस्ट
Spread the love

Greater Noida west: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित दि विजडम ट्री स्कूल के बाहर शनिवार को अभिभावकों ने फीस बढ़ोतरी को लेकर प्रदर्शन किया। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने नियमों से ज्यादा फीस बढ़ा दी है और उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

अभिभावकों ने पोस्टर लेकर स्कूल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि जिला शुल्क नियामक समिति ने स्कूल को केवल 7.23 प्रतिशत तक फीस बढ़ाने की अनुमति दी थी, लेकिन स्कूल ने करीब 40 प्रतिशत तक फीस बढ़ा दी। इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

एफिडेविट देने का वादा पूरा नहीं हुआ

अभिभावकों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन ने पहले बच्चों के भविष्य और पढ़ाई की सुरक्षा को लेकर एफिडेविट देने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक कोई लिखित शपथपत्र नहीं दिया गया।

अभिभावक संघ के प्रतिनिधि वीरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रशासन के निर्देशों के बावजूद स्कूल नियमों का पालन नहीं कर रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी और डीआईओएस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।

आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद बढ़ी चिंता

अभिभावकों ने बताया कि आयकर विभाग ने स्कूल को नोटिस जारी किया था। आरोप है कि करीब 125 करोड़ रुपये की इमारत को बेनामी संपत्ति घोषित किया गया है। इसके बाद बच्चों के माता-पिता में डर और चिंता का माहौल बन गया।

इस मामले को लेकर अभिभावकों ने स्कूल के प्रधानाचार्य और प्रबंधन से बातचीत की थी। 5 अप्रैल 2026 को हुई बैठक में स्कूल प्रबंधन ने लगभग 1700 बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए लिखित शपथपत्र देने का आश्वासन दिया था। हालांकि, अब तक ऐसा कोई दस्तावेज साझा नहीं किया गया।

कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं

अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने कई बार स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। वहीं स्कूल के प्रधानाचार्य का कहना है कि फीस बढ़ोतरी नियमों के अनुसार ही की गई है।

डीआईओएस ने कार्रवाई का दिया भरोसा

जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि अभिभावकों की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि जिला शुल्क नियामक समिति द्वारा तय सीमा से ज्यादा फीस बढ़ाने पर कार्रवाई की जाएगी।