NDTV India: बड़ी ख़बर एनडीटीवी इंडिया से आ रही है। ख़बर दो वरिष्ठ पत्रकारों को लेकर है। एक ने इस्तीफा दे दिया है जबकि दूसरे का संस्थान ने कद और बड़ा कर दिया है। जी हां हम बात कर रहे हैं वरिष्ठ पत्रकार उमाशंकर सिंह की जिन्होंने एनडीटीवी इंडिया से इस्तीफा देकर खुद का यूट्यूब चैनल शुरू कर लिया है।
ये भी पढ़ें: TRP NEWS: किस चैनल के ‘सितारे’ बुलंद, किसके ‘तारे’ जमीं पर..!

इस बात की उन्होंने सोशल मीडिया पर विधिवत जानकारी साझा की है।
बता दें कि उमाशंकर सिंह एनडीटीवी के लिए पॉलिटिकल और विदेश मामले कवर करते थे। इसके अलावा उन्होंने दो बार रामनाथ गोयनका अवॉर्ड भी हासिल किया है।

एक्स पर उन्होंने लिखा है-
“सूचना… मित्रों
मैं एनडीटीवी से इस्तीफ़ा दे चुका हूँ। इस्तीफ़े के तुरंत बाद लिथुआनिया के दौरे पर चला गया था। अपनी तरफ़ से औपचारिक ऐलान के लिए देश लौटने का इंतज़ार कर रहा था। बीती रात लौटा हूँ और आज आप सभी को ये जानकारी दे रहा हूँ।
स्वतंत्र रूप से अपना काम शुरू कर दिया है। इसमें आप सभी का सहयोग चाहूँगा। कारण और निवारण जैसे मुद्दों पर फिर कभी बात होगी… फ़िलहाल तो बस तन मन धन से मेरा साथ दीजिए।
अंत में बशीर बद्र साहब का ये शेर जो हौसला देता है-
“हम भी दरिया हैं हमें अपना हुनर मालूम है
जिस तरफ़ भी चल पड़ेंगे रास्ता हो जाएगा”
मिलते हैं….”

वहीं दूसरी तरफ NDTV ने टीवी पत्रकार जीतेंद्र दीक्षित को एग्जिक्यूटिव एडिटर के रूप में नियुक्त किया है। इस नई जिम्मेदारी में वह NDTV मराठी की अगुवाई करेंगे और NDTV इंडिया (हिंदी), NDTV 24×7 (अंग्रेजी), NDTV प्रॉफिट और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के इनपुट विंग की जिम्मेदारी भी उनके हाथों में होगी।
जीतेंद्र पिछले एक साल से NDTV से बतौर कॉन्ट्रिब्यूटिंग एडिटर जुड़े हुए थे।
इससे पहले वह ABP नेटवर्क से दो दशकों से अधिक समय तक जुड़े रहे। ABP में उनका आखिरी पद रीजनल एडिटर – वेस्ट इंडिया का था। उन्होंने करीब 21 साल तक ABP नेटवर्क को अपना योगदान दिया। वर्ष 2003 में इस नेटवर्क से जुड़े थे, जब इसका नाम ‘स्टार न्यूज’ (Star News) हुआ करता था। वह इसकी संस्थापक टीम के सदस्य थे। वर्ष 2007 में तत्कालीन संपादक उदय शंकर ने उन्हें 27 साल की उम्र में मुंबई ब्यूरो का प्रमुख बनाया था। ब्यूरो संचालन के अलावा जीतेंद्र ने चैनल में रहते हुए देश और दुनिया की कई बड़ी खबरों पर रिपोर्टिंग की, जैसे मार्च 1993 में मुंबई बम कांड का मुकदमा, 26 नवंबर 2008 का आतंकी हमला, साल 2011 में सुनामी के कारण जापान में मची तबाही, 2013 में केदारनाथ में आई आपदा, भारत और इटली के बीच कूटनीतिक तनाव, 2015 में इंडोनेशिया में छोटा राजन की गिरफ्तारी, 2019 में महाराष्ट्र का सियासी ड्रामा इत्यादि।
टीवी पत्रकारिता के अपने ढाई दशक से भी ज्यादा लंबे करियर में जीतेंद्र ने मुंबई अंडरवर्ल्ड पर काफी रिपोर्टिंग की और वर्ष 2002 के गुजरात दंगे भी कवर किए। वह स्टार न्यूज के क्राइम शो ‘रेड अलर्ट’ (Red Alert) के एंकर थे।
जीतेंद्र ने एक लेखक के तौर पर भी अपनी पहचान बनायी है और उनकी चार अंग्रेजी किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी किताब ’बॉम्बे आफ्टर अयोध्या’ काफी चर्चित रही।
ख़बरी मीडिया की तरफ से दोनों पत्रकारों को ढेर सारी शुभकामनाएं।
