MP News (3)

MP News: डॉ. मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला, बोले– सब नकली गांधी हैं

मध्यप्रदेश राजनीति
Spread the love

MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महात्मा गांधी के नाम का राजनीतिक दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मौजूद “सब नकली गांधी” हैं, जिन्होंने न तो गांधी जी के विचारों को अपनाया और न ही उनके आदर्शों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल गांधी नाम का इस्तेमाल राजनीति के लिए करती रही है।

राम नाम से जुड़ी योजना का कांग्रेस ने किया विरोध

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी के नाम का सहारा लेने वाली कांग्रेस पार्टी भगवान श्रीराम विरोधी है। उन्होंने कहा कि जैसे ही वीबी-जी रामजी योजना में राम नाम जुड़ा, कांग्रेस ने इसका विरोध शुरू कर दिया। यह कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री यह बातें भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित वीबी-जी रामजी योजना की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी देश को नई राजनीतिक दिशा

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को मूल्य आधारित, सिद्धांतनिष्ठ और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने वाली राजनीति की दिशा दी है। उन्होंने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना के माध्यम से गांव, किसान और श्रमिकों को मजबूत करने का ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है।

MP News: मध्यप्रदेश में तय किए गए विशेष वर्ष

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2024 को महिला सशक्तिकरण वर्ष, 2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष और 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान और वीबी-जी रामजी योजना के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा के हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

कांग्रेस पर वोट बैंक और परिवारवाद का आरोप

डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति की है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का फैसला सुप्रीम कोर्ट ने दिया, जिसे सभी ने स्वीकार किया, लेकिन कांग्रेस का कोई प्रतिनिधि न तो भूमिपूजन में शामिल हुआ और न ही गांधी परिवार का कोई सदस्य आज तक भगवान श्रीराम के दर्शन करने गया। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी सत्ता के लिए अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करती, जबकि कांग्रेस परिवारवाद और सत्ता की राजनीति करती रही है।

MP News: वीबी-जी रामजी योजना को बताया ऐतिहासिक कदम

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना मजदूरों को समय पर भुगतान दिलाने, पंचायतों को जवाबदेह बनाने और गांवों में पारदर्शी विकास सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि इस योजना में श्रमिकों को अधिक रोजगार, पक्के निर्माण कार्यों की अनुमति और बेरोजगारी भत्ते का प्रावधान किया गया है।

ग्राम पंचायतों को मिलेगी बड़ी भूमिका

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि इस योजना के तहत 50 प्रतिशत कार्य ग्राम पंचायतें खुद तय करेंगी। इससे गांवों की जरूरत के अनुसार विकास कार्य किए जा सकेंगे और स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।