MP News

MP News: CM मोहन यादव ने 11वें अंतरराष्ट्रीय वन मेले का शुभारंभ, कहा- वन और वनोपज हैं प्रदेश की पहचान

मध्यप्रदेश राजनीति
Spread the love

MP News: सीएम मोहन ने लाल परेड ग्राउंड में 7 दिवसीय 11वें अंतरराष्ट्रीय वन मेले का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया।

MP News: सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने लाल परेड ग्राउंड में 7 दिवसीय 11वें अंतरराष्ट्रीय वन मेले (International Forest Fair) का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वन, वनोपज और वन्य-प्राणी मध्यप्रदेश की पहचान हैं तथा इनके संरक्षण के साथ ही प्रदेश विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

वन मेले की थीम- ‘समृद्ध वन, खुशहाल जन’

सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष वन मेले की थीम “समृद्ध वन, खुशहाल जन” रखी गई है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश को इस मेले का हर साल बेसब्री से इंतजार रहता है और यह आयोजन भारतीय संस्कृति में निहित वन संरक्षण की परंपरा को मजबूती प्रदान करता है। मेला 17 से 23 दिसंबर तक चलेगा।

आयुर्वेद को वैश्विक पहचान देने में प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा

सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में आयुर्वेद को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है। स्वयं प्रधानमंत्री ने आयुर्वेद को अपनाकर पूरे देश को प्रेरित किया है। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि जब एलोपैथिक दवाएं असर नहीं दिखा रही थीं, तब आयुर्वेदिक काढ़ा पूरी दुनिया के लिए अमृत साबित हुआ।

Pic Social Media

मेले में आयुर्वेदिक सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में 350 से अधिक आयुर्वेदिक उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। साथ ही 80 आयुर्वेदिक डॉक्टर और 100 से अधिक वैद्य आमजन को निःशुल्क परामर्श देंगे। उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में प्रदेश के अन्य शहरों में भी ऐसे मेले आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में भगवान धनवंतरि की पूजा-अर्चना के बाद सीएम मोहन यादव ने विंध्या हर्बल सहित विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उन्हें रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया गया।

ये भी पढ़ेंः MP News: एमपी में इस योजना से श्रमिकों को बड़ा सहारा, CM मोहन ने ट्रांसफर किए 160 करोड़ रुपये

लघु वनोपज संग्राहकों के सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम

सीएम मोहन यादव ने कहा कि सरकार लघु वनोपज संग्राहकों, अनुसूचित जाति-जनजाति एवं पिछड़े वर्ग को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। तेंदूपत्ता सहित अन्य वनोपज पर बोनस दिया जा रहा है तथा 32 लघु वनोपजों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 25 प्रतिशत की वृद्धि की जा रही है। इस अवसर पर ‘लघु वनोपज हमारी शान’ गीत, विंध्या हर्बल का नया लोगो और वेलनेस किट का भी विमोचन किया गया।

ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25

वन्यजीव संरक्षण में मध्यप्रदेश की अग्रणी भूमिका

मुख्यमंत्री ने वन्यजीव संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय उद्यानों एवं अभयारण्यों की संख्या बढ़ाई जा रही है। वर्ष 2026 में रानी दुर्गावती के नाम पर नौरादेही अभयारण्य में चीतों को बसाने की योजना है। साथ ही भविष्य में जंगली गैंडे और जिराफ लाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

मेले में विविधता और पारंपरिक स्वाद का संगम

वन मेले में प्रदेश के जिला यूनियन, वन धन केंद्र, जड़ी-बूटी संग्राहक, आयुर्वेदिक औषधि निर्माता एवं पारंपरिक भोजन विक्रेता अपने उत्पाद प्रदर्शित कर रहे हैं। यहां 10 शासकीय स्टॉल, 24 अन्य राज्यों के स्टॉल, 136 प्राइवेट स्टॉल और 26 फूड स्टॉल लगे हैं, जहां अलीराजपुर का दालपानिया, छिंदवाड़ा की वन रसोई तथा बांधवगढ़ के गोंडी व्यंजन विशेष आकर्षण का केंद्र हैं।

ये भी पढ़ेंः MP News: शास्त्रीय संगीत से सराबोर हुआ ग्वालियर, CM मोहन ने 101वें तानसेन समारोह का किया वर्चुअल शुभारंभ

कार्यक्रम को वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने भी संबोधित किया। एमपी राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक डॉ. समीता राजौरा ने कहा कि मध्यप्रदेश वन एवं वन्यजीव संरक्षण में देश में अग्रणी हो चुका है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।