मुख्यमंत्री ने सभी से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील
Jharkhand News: झारखंड के गठन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्य सरकार ने राज्यस्तरीय रक्तदान अभियान (Blood Donation Campaign) की शुरुआत की है। यह विशेष अभियान 12 नवंबर से 28 नवंबर तक चलेगा। इसकी शुरुआत सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने झारखंड मंत्रालय में खुद रक्तदान कर की। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित किया गया है।
सीएम, स्वास्थ्य मंत्री और मुख्य सचिव ने किया रक्तदान
रक्तदान शिविर में मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने भी रक्तदान किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि ‘रक्तदान महादान है और इसमें हर व्यक्ति को भाग लेना चाहिए।’ उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद रक्तदान किया है और पूरे राज्य में यह अभियान 28 नवंबर तक जारी रहेगा।
जनभागीदारी की अपील- ‘रक्तदान, जीवनदान’
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान राज्य के गरीबों और जरूरतमंदों के लिए जीवनदान का कार्य करेगा। उन्होंने मीडियाकर्मियों से भी रक्तदान करने की अपील की और कहा कि पत्रकार और आमजन सभी इस मुहिम का हिस्सा बनें। वहीं, प्रोजेक्ट भवन में आयोजित विशेष रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में सचिवालयकर्मियों ने भी रक्तदान किया।

झारखंड मंत्रालय को इस अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया, जहां जगह-जगह बैनर और पोस्टर लगाकर लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक किया गया।
ये भी पढ़ेंः Jharkhand स्थापना दिवस समारोह को लेकर CM हेमंत ने प्रचार वाहन किया रवाना, प्रदेश में उत्सव का माहौल
‘अब गांव से खींची जाएगी विकास की लकीर’- सीएम सोरेन
कैबिनेट बैठक के बाद सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि उनकी सरकार गांव से चलने वाली सरकार है। अब सरकार की पहुंच गांव, टोला और पंचायत स्तर तक सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘अब गांव से ही हम विकास की लकीर खींचना प्रारंभ करेंगे।’
झारखंड स्थापना दिवस पर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा राज्य
मुख्यमंत्री ने झारखंड स्थापना दिवस (Jharkhand Foundation Day) के अवसर पर कहा कि राज्य ने 25 साल का सफर पूरा कर लिया है और अब झारखंड नई ऊर्जा, नई सोच और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि एक युवा राज्य के रूप में झारखंड अब विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और इसमें हर नागरिक की भागीदारी अहम होगी।
ये भी पढ़ेंः Jharkhand: राज्य की तरक्की के लिए ‘रन फॉर झारखंड’, CM हेमंत सोरेन ने दी बधाई
युवाओं से सीएम की खास अपील
सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने राज्य के युवाओं से खास अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं में हुनर, क्रिएटिविटी और विद्वता है, जो राज्य के समग्र विकास में योगदान दे सकती है। उन्होंने कहा कि ‘सरकार और समाज दोनों ही युवाओं से बड़ी उम्मीदें रखते हैं। आइए, हम सब मिलकर एक सुंदर, स्वर्णिम और विकसित झारखंड का निर्माण करें।’
