IPL 2025: पॉइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर
IPL 2025: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (Arun Jaitley Stadium) में खेले गए आईपीएल 2025 के 68वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 110 रनों से करारी मात दी। यह कोलकाता के लिए आईपीएल इतिहास की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार साबित हुई। इससे पहले 2018 में केकेआर को मुंबई इंडियंस ने 102 रनों से हराया था। बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) ने आईपीएल 2025 के अपने आखिरी मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 83 रनों से हरा दिया। पढ़िए पूरी खबर…
क्लासेन और हेड की धमाकेदार पारियां
आपको बता दें कि मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 278 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए हेनरिक क्लासेन ने 37 गेंदों में शतक जड़ते हुए 105 रन की नाबाद पारी खेली। ट्रैविस हेड ने 76, ईशान किशन ने 29 और अनिकेत वर्मा ने 12 रनों का योगदान दिया। केकेआर की ओर से सुनील नरेन ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके।
ये भी पढ़ेंः IPL 2025: हैदराबाद और RCB के बीच आखिरी ओवर तक रोमांचक टक्कर, जानें किसको मिली जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत खराब रही। सुनील नरेन ने जरूर तेज 31 रन बनाए लेकिन बाकी बल्लेबाज दबाव में बिखर गए। डी कॉक 9 रन, रहाणे 15, अंगकृश रघुवंशी 14, रिंकू सिंह 9 और आंद्रे रसल बिना खाता खोले आउट हो गए। अंत में मनीष पांडे (37) और हर्षित राणा (34) ने कुछ संघर्ष जरूर किया लेकिन पूरी टीम 18.4 ओवर में 168 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। SRH की ओर से जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा और हर्ष दुबे ने 3-3 विकेट चटकाए।

इस जीत के बाद SRH पॉइंट्स टेबल में 8वें से 6वें स्थान पर पहुंच गई है। अब सबकी निगाहें लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होने वाले मैच पर टिकी हैं। अगर लखनऊ को हार मिलती है तो हैदराबाद सीजन का अंत 6वें स्थान पर करेगी। वहीं डिफेंडिंग चैंपियन केकेआर इस हार के साथ 8वें पायदान पर खिसक गई।
इससे पहले दिन के एक और मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने गुजरात टाइटंस को 83 रनों से हराया। हालांकि इस जीत के बावजूद धोनी की अगुआई वाली चेन्नई की टीम 8 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में 10वें स्थान पर रही। आईपीएल इतिहास में यह पहला मौका है जब CSK किसी सीजन के अंत में सबसे निचले पायदान पर रही।
ये भी पढ़ेंः IPL 2025: दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब को चटाई धूल, जानिए किसने खेली सबसे दमदार पारी
टॉप 2 की दौड़ में घमासान
आईपीएल 2025 अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और प्लेऑफ की तस्वीर लगभग साफ हो रही है। गुजरात, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच टॉप-2 की होड़ जारी है। नियमों के अनुसार, पॉइंट्स टेबल की टॉप-2 टीमें क्वालिफायर-1 में आमने-सामने होंगी। इस मैच की विजेता सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम को एक और मौका एलिमिनेटर की विजेता टीम के खिलाफ मिलेगा।
