IPL 2025: आईपीएल में आज होगा दो बड़ा मुकाबला, जानें किस टीम का रहेगा पलड़ा भारी
IPL 2025: आईपीएल 2025 में आज डबल धमाल देखने को मिलेगा। आपको बता दें कि आज आईपीएल में दो मुकाबला खेला जाएगा। आज होने वाले पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा। वहीं दूसरे मुकाबले में पंजाब और लखनऊ की भिंडत होगी। आईपीएल के 53वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। राजस्थान रॉयल्स इस बार प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के लिए हर मैच करो या मरो वाला होगा। कोलकाता अपने होमग्राउंड (Homeground) पर इस मुकाबले में जीत के साथ प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखना चाहेगी तो वहीं दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स की टीम बचे हुए मुकाबलों में सम्मान की लड़ाई लड़ेगी और विरोधी टीम के प्लेऑफ का गणित खराब कर सकती है।

ये भी पढ़ेंः IPL 2025: चेन्नई और RCB के बीच आखिरी ओवर तक सांसें थाम देने वाला मुकाबला, जानिए किसने मारी बाजी
घरेलू मैदान पर करना होगा अच्छा प्रदर्शन
कोलकाता की बड़ी चिंता है कि घरेलू मैदान पर उनका खराब प्रदर्शन है। ईडन गार्डन्स (Eden Gardens) कभी उनका गढ़ हुआ करता था, लेकिन इस सीजन उसने अभी तक पांच मैचों में से केवल एक जीत हासिल की है वहीं पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछला मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया था और दोनों टीमों को एक-एक अंक प्राप्त हुआ था। केकेआर के स्पिनर यहां की असमान उछाल से सामंजस्य से बिठाने में नाकाम रहे हैं वहीं उसके बल्लेबाज भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उसकी बल्लेबाजी में आक्रामकता की कमी दिख रही है जिसके दम पर उसकी टीम ने पिछले साल खिताब जीता था।
रिंकू और वेंकटेश पर रहेंगी नजरें
पिछले सीजन में सुर्खियां बटोरने वाले फिनिशर रिंकू सिंह आठ पारियों में इस बार मात्र 169 रन बना पाए हैं जबकि सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने सात पारियों में 137.50 के स्ट्राइक रेट से 143 रन बनाए हैं। उनके प्रदर्शन में निरंतरता की कमी दिखाई दे रही है। लेकिन केकेआर को सबसे ज्यादा निराश वेंकटेश अय्यर ने किया है जिन्हें इस फ्रेंचाइजी ने 23.75 करोड रुपए में खरीद कर उप कप्तान नियुक्त किया था। वेंकटेश ने 10 मैचों में अभी तक मात्र 142 रन बनाए हैं। कप्तान अजिंक्य रहाणे इस सत्र में केकेआर के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं, लेकिन वह क्षेत्ररक्षण के दौरान हाथ में लगी चोट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं ठीक हूं। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहा हूं और उम्मीद है कि मैं रविवार को मैच खेलूंगा।
वैभव सूर्यवंशी पर होगी सबकी निगाहें
राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) का प्रदर्शन इस सीजन बहुत अच्छा नहीं रहा है। उसकी टीम ने अपने पिछले सात मैचों में केवल एक जीत हासिल की है जिससे उसकी नीलामी के दौरान अपनाई गई रणनीति की खामियां भी उजागर हो गई हैं। आईपीएल की नई सनसनी 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 35 गेंद पर शतक लगाकर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी तरफ खींचा था लेकिन उनसे हर समय इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की जा सकती है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 इस प्रकार है
राजस्थान रॉयल्स
रियान पराग (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, क्वेन मफाका, वानिंदु हसारंगा, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा, फजलहक फारूकी, संजू सैमसन।
कोलकाता नाइट राइडर्स
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, सुनील नरेन, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।
लखनऊ और पंजाब के लिए अहम मुकाबला
आईपीएल 2025 में आज दूसरा मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच होगा। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। धर्मशाला में नए होम स्टेडियम में जाने के बाद, पंजाब किंग्स आईपीएल 2025 में प्लेऑफ की दौड़ में अपनी पहले से ही अच्छी स्थिति को मजबूत करने की कोशिश करेगी। पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए यह एक और मिश्रित सीजन रहा है, जहां उन्होंने भले ही कुछ अच्छा प्रदर्शन किए हों, लेकिन उन्हें कुछ समस्याओं का भी सामना करना पड़ा है।
श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की अगुवाई वाली पंजाब के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं खत्म हो सकती हैं और वे अंतिम चरण में पहुंचने के लिए अपने बचे हुए मैच जीतना चाहेंगे। ऐसे ही लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बारे में भी कहा जा सकता है। लखनऊ का भी यह सीजन ऐसा रहा है, जहां वे खेल के महत्वपूर्ण क्षणों पर हावी नहीं हो पाए हैं। ऐसे खिलाड़ी हैं जो कुछ भयानक फॉर्म से जूझ रहे हैं, जिसमें उनके कप्तान और स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत भी शामिल हैं। वे किंग्स के खिलाफ भी वापसी करना चाहेंगे, जिन्होंने उन्हें एकाना स्टेडियम में पिछले मुकाबले में हराया था।
पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के हेड टू हेड आंकड़े
पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स टी20 में अब तक कुल 5 बार आमने-सामने हुए हैं। LSG तीन जीत के साथ प्रतिद्वंद्विता में सबसे आगे है, वहीं पंजाब (PBKS) दो बार शीर्ष पर आ चुकी है। इन मैचों में उच्चतम स्कोर LSG द्वारा 257 रन है, जबकि PBKS का न्यूनतम स्कोर 133 है। हालांकि, पंजाब ने इस सीज़न में अपने सबसे हालिया मुकाबले में जीत हासिल की और वह स्कोर बराबर करने की कोशिश करेगा।
कैसी है दोनों टीम की गेंदबाजी
इस सीजन पंजाब की गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और मार्को यानसन किसी भी टीम के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त करने की क्षमता रखते हैं। वहीं, स्पिन में चतुर, चालक युजवेंद्र चहल ने हैट्रिक लेकर अपना जलवा कायम रखा है। वह बीच के ओवरों में विपक्षी टीम पर भारी पड़ते रहे हैं। लखनऊ की गेंदबाजी अभी तक अच्छी देखने को मिली नहीं। मंयक यादव वापसी के बाद अपना इंपैक्ट नहीं छोड़ पाएं हैं। आवेश खान और प्रिंस यादव पिछले कुछ मैच से महंगे साबित हुए हैं। स्पिन में रवि बिश्नोई और दिग्वेश राठी ने बढ़िया किया है पर पिछले दो मैच से इनका भी जलवा नहीं देखने को मिला है।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं
लखनऊ सुपर जाइंट्स
ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन (उप-कप्तान), मिशेल मार्श, अब्दुल समद, डेविड मिलर, एडेन मार्करम, मयंक यादव, रवि बिश्नोई, शार्दुल ठाकुर, आवेश खान, आर्यन जुयाल, हिम्मत सिंह।
पंजाब किंग्स
श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहाल वढेरा, युजवेंद्र चहल, हरनूर पन्नू, मुशीर खान, पायला अविनाश, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), विष्णु विनोद, जोश इंगलिस, सूर्यांश शेडगे, हरप्रीत बराड़।
