Greater Noida West: बड़ी ख़बर ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौड़ सिटी(Gaur City) से आ रही है जहां एक कैब ड्राइवर की लापरवाही ने सवार परिवार को दहशत में डाल दिया. घटना उस समय हुई जब ट्रैफिक पुलिस ने चेकिंग के दौरान कैब को रोकने का संकेत दिया, लेकिन ड्राइवर ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी. कार में बैठे परिवार के लोग लगातार ड्राइवर से रुकने की गुहार लगाते रहे, मगर उसने उनकी बात अनसुनी कर दी. यह पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश है.
ये भी पढ़ें: Fastag Annual Pass : 3000 रुपए में फास्टैग का सालाना पास खरीदने से पहले ख़बर जरूर पढ़ें
मिली जानकारी के अनुसार, गौड़ सिटी 7वें एवेन्यू में रहने वाला एक परिवार गुरुवार को कैब से दिल्ली के कनॉट प्लेस जा रहा था. परिवार ने कैब बुक की और सफर के दौरान नोएडा में ट्रैफिक पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया. आरोप है कि ड्राइवर ने रुकने के बजाय वाहन की गति और बढ़ा दी. इस दौरान परिवार के सदस्य घबराकर बार-बार ड्राइवर से गाड़ी रोकने की अपील करते रहे, लेकिन वह अनसुना करता रहा.
जुर्माने के डर से नहीं रोकी गाड़ी
वायरल वीडियो में ड्राइवर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि पुलिस भारी जुर्माना लगाएगी, जबकि परिवार के सदस्य खुद जुर्माना भरने को तैयार थे. इसके बावजूद ड्राइवर लगातार टालमटोल करता रहा और कुछ दूरी जाने के बाद ही रुकने का आश्वासन देता रहा.
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने कार ड्राइवर की पहचान कर उसकी गाड़ी सीज कर दी साथ ही ड्राइवर को भी हिरासत में ले लिया गया।
