Greater Noida इंडस्ट्रियल डेवलेपमेंट अथॉरिटी ने जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नई पहल शुरू की है।
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम (Traffic Jam) की समस्या से राहत मिलने वाली है, क्योंकि ग्रेटर नोएडा इंडस्ट्रियल डेवलेपमेंट अथॉरिटी (GNIDA) शहर में एक नया तीन लेन का पुल बनाने जा रही है। इस पुल के निर्माण पर करीब 7 करोड़ रुपये की लागत आएगी। पुल का निर्माण ऐसे क्षेत्र में किया जाएगा, जहां से हजारों यात्री प्रतिदिन गुजरते हैं। खासतौर से नॉलेज पार्क (Knowledge Park) में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को इसका सबसे बड़ा लाभ मिलेगा क्योंकि उनकी यात्रा का समय पहले की तुलना में काफी कम हो जाएगा।

ये भी पढ़ेंः क्या ज्योतिष गरीब को अमीर बना सकता है?
बेहतर कनेक्टिविटी के लिए बनेगा नया पुल
यह नया पुल 25 मीटर लंबा और 10.50 मीटर चौड़ा होगा। इसका निर्माण इस तरह से किया जाएगा कि यह नॉलेज पार्क, नोएडा एक्सप्रेसवे, परी चौक और यमुना एक्सप्रेसवे के बीच की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाए। पुल की ऊंचाई को भी विशेष रूप से ध्यान में रखा जाएगा ताकि यह ओमेगा-1 से पी 3 राउंडअबाउट की ओर जाने वाले विपरीत लेन के पुल के बराबर रहे।
यात्रा में बचेगा समय, जाम से मिलेगी राहत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पुल के चालू हो जाने के बाद यमुना एक्सप्रेसवे और परी चौक के बीच यात्रा करना कहीं अधिक आसान और तेज़ हो जाएगा। वर्तमान में इस मार्ग पर ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या बनी रहती है, जिससे आम यात्रियों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को भी काफी परेशानी उठानी पड़ती है। खासतौर से नॉलेज पार्क की ओर आने-जाने वाले छात्रों का बहुमूल्य समय जाम में फंसे रहने के कारण व्यर्थ हो जाता है।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
स्थानीय लोगों की शिकायतें बनी वजह
इस क्षेत्र में रहने वाले स्थानीय लोगों ने भी समय-समय पर ट्रैफिक जाम और वर्तमान पुल की सुरक्षा को लेकर GNIDA से शिकायतें दर्ज कराई थीं। हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश में भी यह इलाका वॉटर लॉगिंग की चपेट में आ गया था, जिससे स्थिति और अधिक खराब हो गई थी। इन सभी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पुल निर्माण का निर्णय लिया गया है।
ये भी पढ़ेंः Noida-ग्रेटर नोएडा वाले ध्यान दें! आज कई रास्ते रहेंगे बंद, घर से निकलने से पहले पढ़ें ये जरूरी खबर
GNIDA सीईओ की मंजूरी, जल्द शुरू होगा निर्माण
GNIDA के सीईओ ने इस तीन लेन पुल परियोजना को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही सिंचाई विभाग के साथ एक समझौता (MoU) भी साइन कर लिया गया है ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जा सके। यह उम्मीद जताई जा रही है कि पुल का निर्माण कार्य एक वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। पुल के बन जाने से ग्रेटर नोएडा में लगातार लगने वाले भयंकर जाम की समस्या से बड़ी हद तक निजात मिलने की संभावना है।
