Greater Noida से गुरुग्राम तक चलने वाली नमो भारत ट्रेन परियोजना को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है।
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा से गुरुग्राम तक चलने वाली नमो भारत ट्रेन (Namo Bharat Train) परियोजना को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने इस कॉरिडोर के लिए भू-तकनीकी सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। बता दें कि एक कंपनी का चयन कर डीपीआर तैयार करने का काम सौंप दिया गया है। यह कॉरिडोर लगभग 65 किलोमीटर लंबा होगा और 180 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी। पढ़िए पूरी डिटेल्स…

3 महीने में तैयार हो जाएगी डीपीआर
इस हाई-स्पीड ट्रेन परियोजना के लिए अगले तीन महीनों में डीपीआर तैयार कर ली जाएगी। बताया जा रहा है कि यह कॉरिडोर लगभग 65 किलोमीटर लंबा होगा। इसमें ट्रेन की रफ्तार 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक रखी जाएगी और हर 5 से 7 मिनट में ट्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 15 हजार करोड़ रुपये है।
स्टेशन कहां-कहां बनेंगे?
- पहला स्टेशन दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सेक्टर 29 में इफ्को चौक के पास बनाया जाएगा।
- दूसरा स्टेशन गोल्फ कोर्स रोड पर सेक्टर-54 में बनाया जाएगा। ट्रेन गोल्फ रोड से होकर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से होते हुए फरीदाबाद पहुंच जाएगी।
- तीसरा स्टेशन बाटा चौक और चौथा स्टेशन सेक्टर-85-86 में बनाया जाएगा।
- पांचवां स्टेशन नोएडा के सेक्टर-142-168 में बनाय जाएगा।
- आखिरी स्टेशन ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में बनाने की योजना है। ग्रेनो में ट्रेन गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट नमो भारत कॉरिडोर से जुड़ेगी।

पढ़िए रूट का पूरा विवरण
ट्रेन इफ्को चौक से शुरू होकर डॉ. बीआर आंबेडकर मार्ग, ब्रिगेडियर ओसमान चौक से गुजरते हुए गोल्फ कोर्स रोड पर एआईटी चौक के पास पहुंचेगी। इसके बाद अंसल यूनिवर्सिटी के सामने से अरावली में प्रवेश कर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर पहुंचेगी। यहां करीब 18.4 किलोमीटर दौड़ने के बाद फरीदाबाद के शहीद भगत सिंह मार्ग से एनआईटी फरीदाबाद पहुंचेगी। विश्वकर्मा सेतु और दिल्ली-पलवल रेलवे लाइन पार करते हुए बाटा चौक पर आएगी। फिर सेक्टर-85-86 वाली मुख्य सड़क से एफएनजी रोड और यमुना पार कर नोएडा में प्रवेश करेगी। नोएडा के सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन के पास से गुजरते हुए गुर्जर रोड और हिंडन नदी पार कर ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा में पहुंचेगी।
बढ़ सकती है स्टेशनों की संख्या
एनसीआरटीसी (NCRTC) के अधिकारी ने कहा कि डीपीआर के बाद स्टेशनों की संख्या बढ़ सकती है। वर्तमान में छह स्टेशन प्रस्तावित हैं, लेकिन यह नौ तक हो सकते हैं। इससे राइडरशिप में वृद्धि होगी।
अरावली से होकर गुजरेगी ट्रेन
ट्रेन करीब तीन किलोमीटर तक अरावली पर्वत शृंखला से गुजरेगी। दो जगहों से प्रवेश-निकास होगा- एक अंसल यूनिवर्सिटी के पास और दूसरा घाटा गांव के समीप। घाटा गांव में 300 मीटर का मोड़ बनेगा, जहां से अरावली में प्रवेश कर ट्रेन ग्वाल पहाड़ी गांव से निकलेगी।
इंटरचेंज की सुविधा
इफ्को चौक पर दिल्ली से गुरुग्राम (Delhi to Gurugram) होते हुए राजस्थान के नीमराना तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन का इंटरचेंज स्टेशन बनेगा। इसी तरह ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट नमो भारत परियोजना से इंटरचेंज होगा।
ये भी पढ़ेंः Indigo Offer: इंडिगो का लूट लो ऑफर, सिर्फ 1299 रुपए में बुक करें टिकट
3 राज्य कनेक्ट होंगे
NCRTC ने दिल्ली के सराय काले खां से लेकर राजस्थान के निमराना तक करीब 105 किलोमीटर लंबा नमो भारत ट्रेन रूट तैयार किया है। एक स्टेशन इफ्को चौक पर बनाय जाएगा। गुरुग्राम से ग्रेनो तक नमो भारत ट्रेन भी इफ्को चौक से शुरू होगी। इसके बनने के बाद राजस्थान, हरियाणा और यूपी तीनों राज्य आपस में कनेक्ट होंगे।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
यात्रियों को मिलेगी राहत
पहले यात्रियों को गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा आने में करीब दो घंटे लग जाते थे। नमो भारत ट्रेन शुरू होने से गुरुग्राम के लोग ग्रेटर नोएडा तक आसानी से पहुंच सकेंगे। ग्रेनो से जेवर एयरपोर्ट तक भी नमो भारत कॉरिडोर तैयार हो रहा है। एयरपोर्ट से गुरुग्राम तक आने से राहत मिल जाएगी। मौजूदा समय में लोग मेट्रो और बस की सहायता से ग्रेटर नोएडा या फरीदाबाद आते हैं। मेट्रो में भीड़ ज्यादा होने की वजह से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida: बिल्डरों पर RERA की नकेल, इस नियम में हुआ बदलाव
मंजूरी की प्रक्रिया शुरू होगी जल्द
तीन महीने में डीपीआर (DPR) बनने के बाद इसे पहले हरियाणा और उत्तर प्रदेश सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। वहां से अनुमति मिलने के बाद शहरी आवासन मंत्रालय (MoHUA) में अंतिम स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। गौरतलब है कि 5 मई को हरियाणा सरकार ने पहले ही रूट अलाइनमेंट को अपनी मंजूरी दे दी थी।
