Greater Noida West

Greater Noida west: गौड़ सिटी से आई खबर, लोगों की उड़ गई नींद!

ग्रेटर नोएडा- वेस्ट
Spread the love

Greater Noida west: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी सोसायटी में रहने वाले लोग इन दिनों पार्क में होने वाले समारोहों के दौरान तेज आवाज में बजने वाले म्यूजिक सिस्टम से काफी परेशान हैं। लगातार बढ़ते शोर-शराबे के कारण निवासियों की नींद और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
इसी समस्या को लेकर लोगों ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन से शिकायत की है।

समारोह के नाम पर रातभर बजते हैं तेज गाने

निवासियों का कहना है कि राधा कृष्ण पार्क में अक्सर महोत्सव और समारोह आयोजित किए जाते हैं, जिनमें देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजाया जाता है।
लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ वर्षों में ऐसे कार्यक्रमों की संख्या लगातार बढ़ी है, जिससे शोर-प्रदूषण की समस्या भी बढ़ गई है।

देर रात तक तेज संगीत बजने की वजह से कामकाजी लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को आराम करने में परेशानी हो रही है। सुबह से शाम तक काम करके घर लौटने वाले लोगों की नींद में यह तेज आवाज लगातार खलल डाल रही है।

80 निवासियों ने डीसीपी को सौंपा शिकायत पत्र

शनिवार को सोसायटी के करीब 80 निवासी एकजुट होकर सूरजपुर पुलिस मुख्यालय पहुंचे और पुलिस अधिकारी शैव्या गोयल से मुलाकात की।

निवासियों ने आरोप लगाया कि समारोह के नाम पर रातभर तेज आवाज में गाने बजाकर ध्वनि प्रदूषण किया जाता है। इस संबंध में उन्होंने डीसीपी को लिखित शिकायत पत्र सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।

पार्क का हो रहा व्यावसायिक उपयोग, बढ़ रही परेशानी

निवासियों का कहना है कि राधा कृष्ण पार्क को मूल रूप से लोगों के टहलने और व्यायाम करने के लिए बनाया गया था, लेकिन अब इसका उपयोग व्यावसायिक कार्यक्रमों और समारोहों के लिए किया जा रहा है।
इससे सोसायटी के लोग लगातार परेशान हो रहे हैं और उन्हें अपने ही क्षेत्र में शांति नहीं मिल पा रही है।

रात 12 बजे के बाद भी बजा लाउडस्पीकर, धमकी देने का आरोप

निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि 12 अप्रैल को पार्क में रात 12 बजे के बाद भी तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाए गए।
जब कुछ लोगों ने आवाज कम करने का अनुरोध किया, तो उनके साथ अभद्रता की गई, गाली-गलौज की गई और यहां तक कि जान से मारने की धमकी भी दी गई। यह घटना निवासियों के लिए चिंता का विषय बन गई है और उन्होंने इसे गंभीर सुरक्षा समस्या बताया है।

सख्त और स्थायी कार्रवाई की मांग

सोसायटी के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे आयोजनों के खिलाफ तत्काल और स्थायी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो।

डीसीपी को शिकायत पत्र सौंपने के दौरान कई निवासी मौजूद रहे, जिनमें अंकित वैश्य, अमरजीत राठौर, योगेश भगौर, जितेंद्र नेगी, विवेक क्वात्रा, बी.एम. बाली, रवि किशोर, रमेश शर्मा, रामरीख शर्मा, कमल जैन, प्रणय जैन, अर्पित कपूर, ममता सिंह, पुष्प राज, प्रमोद और अभिषेक सहित अन्य लोग शामिल थे।