Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर 120 मिस्ट स्प्रे सिस्टम का उद्घाटन किया। यह पहल राजधानी में वायु प्रदूषण कम करने और यात्रियों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने के लिए की गई है। 120 नए मिस्ट स्प्रे सिस्टम जीएमआर ग्रुप द्वारा एयरपोर्ट परिसर में लगाए गए हैं, ताकि खास तौर पर धूल और प्रदूषित कणों को नियंत्रित किया जा सके। इससे लोगों को एयरपोर्ट क्षेत्र में बेहतर वायु गुणवत्ता का अनुभव मिलेगा और दिल्ली का पर्यावरणीय छवि मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार शॉर्ट-टर्म, मिड-टर्म और लॉन्ग-टर्म रणनीतियों पर वैज्ञानिक ढंग से काम कर रही है ताकि प्रदूषण से निपटा जा सके। दिल्ली में पहले से ही प्रमुख सड़कों, मुख्य मार्गों और अनेक मेट्रो स्टेशनों पर मिस्ट स्प्रे सिस्टम लगाए जा चुके हैं। सरकार भविष्य में इन स्प्रे सिस्टम को और भी बढ़ाकर 600 पोल्स तक फैलाने की योजना भी बना रही है।
‘क्लियर एयर, क्लीन दिल्ली’ का सरकार का संकल्प
सीएम ने इस अवसर पर ‘क्लियर एयर, क्लीन दिल्ली’ अभियान को दोहराया और बताया कि यह पहल प्रदूषण नियंत्रण के व्यापक प्रोग्राम का हिस्सा है। सरकार इसके अलावा सार्वजनिक परिवहन को इलेक्ट्रिक करने, ईवी (EV) चार्जिंग नेटवर्क विकसित करने, 1000 से अधिक वाटर स्प्रिंकलर तैनात करने और निर्माण स्थलों पर एआई-आधारित डस्ट मॉनिटरिंग लागू करने जैसे कदम भी उठा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली सरकार न केवल प्रदूषण कम करने पर काम कर रही है, बल्कि इसे एक विकसित, स्वस्थ और रहने योग्य शहर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। यह सब दिल्ली के नागरिकों के सेहत और पर्यावरण के प्रति सरकार की जिम्मेदारी को दर्शाता है।
डॉ. हेडगेवार अस्पताल में प्रेरणादायक प्रतिमा का अनावरण
उसी दिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डॉ. केशव बालिराम हेडगेवार की प्रतिमा का अनावरण भी किया, जो पूर्वी दिल्ली के डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान में स्थापित की गई है। हेडगेवार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पहले सरसंघचालक थे, और उनकी सोच को आज सेवा-समर्पण और “नेशन फर्स्ट” के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा केवल स्मारक नहीं है, बल्कि लोगों को सेवा, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना से प्रेरित करेगी।
सीएम ने इसके साथ ही अस्पताल के विस्तार की भी घोषणा की है। इसके तहत नया फ्लोर निर्माण और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल को जल्द से जल्द अपग्रेड किया जाएगा ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
अस्पताल सेवा में डिजिटल सुधार
रेखा गुप्ता ने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार के सभी अस्पताल अब पूरी तरह से डिजिटल हो चुके हैं। मरीजों के पास उनके डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड होंगे और ऑनलाइन OPD अपॉइंटमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे इलाज और प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी व सरल बनाया जा सके।
दिल्ली के समग्र विकास की प्रतिबद्धता
सीएम ने कहा कि दिल्ली का विकास सिर्फ कुछ इलाकों तक सीमित नहीं होगा। यमुना के दोनों पार पूरे शहर में संतुलित विकास होगा, चाहे वह स्वास्थ्य, पर्यावरण, बुनियादी ढांचा या प्रदूषण नियंत्रण का मामला हो। उन्होंने आगे कहा कि जनता की भलाई के लिए निरंतर योजनाएं और पहलकदमी जारी रहेगी।
