Delhi CM Oath Ceremony: रेखा गुप्ता बनी दिल्ली की नई CM
Delhi CM Oath Ceremony: दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। आपको बता दें कि दिल्ली के शालीमार बाग सीट (Shalimar Bagh seat) से पहली बार विधानसभा चुनाव जीतने वाली रेखा गुप्ता ने दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के रूप में रामलीला मैदान में शपथ ले ली हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की पूर्व अध्यक्ष रेखा गुप्ता गुरुवार 20 फरवरी को दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री (CM Rekha Gupta) बन गईं। राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना (Vinay Kumar Saxena) ने उन्हें मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने हिंदी में, ईश्वर के नाम पर शपथ ली। सीएम रेखा गुप्ता के साथ दिल्ली के 6 विधायकों ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) की मौजूदगी में मंत्री पद की शपथ ली।
ये भी पढ़ेंः Rajasthan में खत्म होगा जल संकट, CM भजनलाल ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश
इसके साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी यानी BJP की सत्ता में वापसी हो गई है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में बुधवार को 50 वर्षीय रेखा गुप्ता को आठवीं दिल्ली विधानसभा में सदन का नेता चुना गया। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रेखा गुप्ता द्वारा सरकार बनाने का दावा पेश किए जाने के बाद उन्हें नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। उपराज्यपाल के शपथ दिलाने के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की 9 वीं सीएम बन गईं हैं।
6 विधायक भी बने मंत्री
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ ही 6 नवनिर्वाचित विधायकों प्रवेश वर्मा (Pravesh Verma), आशीष सूद, पंकज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंद्र इंद्राज ने नए मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली है। प्रवेश वर्मा ने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से हराया था।

27 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की वापसी
आपको बता दें कि 5 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 70 में से 48 सीटों पर जीत हासिल की।। BJP ने आखिरी बार 1993-98 में दिल्ली में सत्ता हासिल की थी। पार्टी नेताओं ने बताया कि पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से अच्छे संबंध हैं। रेखा दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में शालीमार बाग से विधायक चुनी गई हैं।
ये भी पढे़ंः MP: उज्जैन को मिली ढ़ेरों सौगात, CM मोहन यादव ने रूद्र सागर पर बने अशोक ब्रिज का किया लोकार्पण
दिल्ली की नौंवी सीएम बनी रेखा गुप्ता
वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में बीजेपी की चौथी सीएम रेखा गुप्ता बन गई हैं। शपथ ग्रहण के बाद वह वर्तमान में बीजेपी शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री और दिल्ली की 9 वीं मुख्यमंत्री बन गई हैं। हरियाणा के जुलाना में जन्मी गुप्ता दिल्ली यूनिवर्सिटी के दौलत राम कॉलेज से बीकॉम हैं। उन्होंने बाद में मेरठ के चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री हासिल की। फिर उन्होंने एक वकील के रूप में भी काम किया।
आरएसएस से पिछले 32 साल से जुड़ीं रेखा गुप्ता ने 1992 में दिल्ली यूनिवर्सिटी के दौलतराम कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। वह 1995-96 में दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ की सचिव बनी थीं। इसके बाद 1996-97 में वह डूसू अध्यक्ष चुनी गईं।
जानिए कितनी अमीर हैं रेखा गुप्ता
दिल्ली की सीएम बनीं रेखा गुप्ता की (CM Rekha Gupta) संपत्ति कुल संपत्ति 5.31 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। जिसमें उनके ऊपर लोन और अन्य देनदारियां लगभग 1.20 करोड़ है। विधानसभा चुनाव में दिए गए हलफनामें के अनुसार, 2023-24 में रेखा गुप्ता की कुल आय 6.92 लाख थी। 2022-23 में 4.87 लाख , 2021-22 में 6.51 लाख, 2020-21 में 6.07 लाख, 2019-20 में 5.89 लाख रुपये थी। इसके साथ ही रेखा गुप्ता के पास मारुति XL6 (2020 मॉडल) कार भी है, जिसकी कीमत लगभग 4.33 लाख रुपये है।
रेखा के पति की आय कितनी?
आपको बता दें कि रेखा गुप्ता की शादी 1998 में मनीष गुप्ता से हुई। मनीष स्पेयर पार्ट्स का बिजनेस करते हैं। मनीष की कमाई रेखा गुप्ता से कहीं ज्यादा है। एक मीडिया रिपोर्ट् के अनुसार मनीष की कमाई 2023-24 में 97.33 लाख, 2022-23 में 64.56 लाख और 2021-22 में 23.13 लाख रुपये तक थी।