Haryana: नए साल की शुरुआत के साथ ही हरियाणा का राजनीतिक माहौल गर्म नजर आ रहा है। कड़ाके की ठंड के बीच शनिवार रात हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपनी धर्मपत्नी सुमन सैनी के साथ राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल प्रो. असीम घोष और उनकी पत्नी मित्रा घोष से शिष्टाचार मुलाकात की।
विकास और राजनीति पर हुई अहम चर्चा
राजभवन में हुई इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री और राज्यपाल के बीच राज्य की विकास योजनाओं, उनकी प्रगति और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई। इससे पहले 1 जनवरी को मुख्यमंत्री नायब सैनी के सम्मान में हरियाणा आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से दोपहर भोज का आयोजन भी किया गया था।
यह भी पढ़ें :Haryana: CM सैनी की इस योजना से बदलेगी किस्मत, अब पंचायत भूमि पर रहने वालों को मिलेगा कानूनी हक
2026 के लिए भाजपा सरकार का विजन साझा
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्यपाल को वर्ष 2026 के लिए भाजपा सरकार के रोडमैप की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में सरकार का फोकस महिला सशक्तीकरण, तकनीक आधारित रोजगार और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर रहेगा।
लाडो लक्ष्मी योजना में बड़ा बदलाव
महिला सशक्तीकरण की दिशा में सरकार ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना में अहम बदलाव किया है। अब इस योजना का लाभ उन गरीब महिलाओं को भी मिलेगा, जिनके परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक है और जिनके बच्चों ने 10वीं या 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। ऐसी महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की सहायता दी जाएगी।
प्रतिभाशाली बच्चों और पोषण पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना में इस नई श्रेणी को जोड़ने का उद्देश्य बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना और माताओं को बच्चों को कुपोषण से बाहर निकालने में मदद करना है। इस दौरान हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने भी राज्यपाल को परिषद की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
यह भी पढ़ें : Haryana सरकार का बड़ा कदम, सहकारी चीनी मिलों को घाटे से उबारने के लिए बनेगी समन्वय समिति
भाजपा नेतृत्व से रेखा शर्मा की मुलाकात
इधर, हरियाणा से भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने नई दिल्ली में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस बैठक में राज्य के राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई। रेखा शर्मा का नाम हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में भी बताया जा रहा है।
पहले भी हो चुकी हैं अहम राजनीतिक मुलाकातें
रेखा शर्मा से पहले हरियाणा के पूर्व मंत्री असीम गोयल और निर्दलीय राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा भी नितिन नबीन से मुलाकात कर चुके हैं। असीम गोयल और नितिन नबीन पहले बिहार विधानसभा चुनाव में साथ काम कर चुके हैं। वहीं, मुख्यमंत्री नायब सैनी भी बिहार चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारकों में शामिल रहे हैं।
