Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गिरौदपुरी धाम में आयोजित संत समागम और गुरुदर्शन मेले में शामिल हुए। उन्होंने बाबा गुरु घासीदास जी की जन्मभूमि और तपोभूमि में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
गिरौदपुरी धाम में पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री ने पूज्य गुरुगद्दी का दर्शन किया और विधि-विधान से पूजा की। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश समाज में समानता, भाईचारा और समरसता को बढ़ावा देता है। सरकार इसी विचारधारा पर काम कर रही है।
विकास कार्यों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि गिरौदपुरी का लगातार विकास किया जा रहा है। यहां विशाल जैतखाम का निर्माण और श्रद्धालुओं के लिए कई सुविधाओं का विस्तार किया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वेबसाइट और मोबाइल ऐप की व्यवस्था की गई है। मेले में लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर लोग जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर सुविधाओं की जानकारी ली।

श्रद्धालुओं को वितरित किया प्रसाद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्य मंदिर का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया। स्थानीय श्रद्धालु और स्व सहायता समूह की महिलाएं उनके हाथों प्रसाद पाकर उत्साहित नजर आईं।
गौरतलब है कि यह तीन दिवसीय संत समागम और गुरुदर्शन मेला 22 फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी 2026 तक चलेगा। प्रदेश के साथ-साथ देश और विदेश से भी सतनाम पंथ के अनुयायी यहां पहुंचे हैं।
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक रोहित साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी मेले में भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता और विकास संभव है। सरकार इसी दिशा में लगातार कार्य कर रही है, ताकि प्रदेश में शांति, भाईचारा और समृद्धि बनी रहे।
