Chhattisgarh News: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने शहीद सैनिकों और पुलिस जवानों के परिजनों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान, लोकतंत्र और सुशासन के रास्ते पर चलकर ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा सकता है।
संविधान लोकतंत्र की मजबूत नींव
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारत का संविधान समानता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। संविधान ने देश को एकता और अखंडता के सूत्र में बांधे रखा है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि संविधान हर नागरिक को समान अधिकार देता है।
उन्होंने बाबा गुरु घासीदास जी के “मनखे-मनखे एक समान” के संदेश को संविधान की आत्मा बताया।
25 वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस दौरान राज्य ने विकास की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण किया गया, जो राज्य की संस्कृति और अस्मिता का प्रतीक है।

नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि माओवादी हिंसा लोकतंत्र के लिए बड़ी चुनौती रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने ठोस रणनीति अपनाई है। इसके परिणामस्वरूप नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य तय किया गया है।
किसानों और ग्रामीण विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों को धान का देश में सबसे अधिक मूल्य दिया जा रहा है। धान खरीदी अब 149 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच चुकी है। बीते दो वर्षों में किसानों के खातों में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई है।
अटल सिंचाई योजना के तहत लंबित परियोजनाओं को पूरा किया जा रहा है।
महिलाओं और गरीबों के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 26 लाख से अधिक घर स्वीकृत किए गए हैं और रोजाना करीब 2,000 घर बन रहे हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य में बड़े बदलाव
राज्य में शिक्षकों की कमी दूर की गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर और स्थानीय भाषा में शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है और हिंदी में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू की गई है।
उद्योग, तकनीक और भविष्य की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति के तहत 7.83 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। नवा रायपुर को आईटी, एआई और मेडिकल हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है और छत्तीसगढ़ इसमें अग्रणी भूमिका निभाएगा।

संस्कृति, पर्यटन और सुशासन
रामलला दर्शन योजना, तीर्थ दर्शन योजना और पर्यटन स्थलों के विकास से सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया जा रहा है। ई-ऑफिस, डिजिटल गवर्नेंस और पारदर्शी व्यवस्थाओं से सुशासन को बढ़ावा मिला है।
विकसित छत्तीसगढ़ के लिए जनभागीदारी का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण सरकार अकेले नहीं कर सकती। इसके लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से संविधान के मूल्यों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
