Chhattisgarh News: रायपुर, 14 जुलाई। छत्तीसगढ़ सरकार ने राजिमवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत का नगर पालिका में उन्नयन कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। नई व्यवस्था के तहत वर्तमान नगर पंचायत की सीमाएं ही नगर पालिका की सीमाएं होंगी। सरकार के इस फैसले से राजिम शहर में खुशी और उत्साह का माहौल है।
नगर पालिका बनने से विकास कार्यों को मिलेगी गति
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने से शहर के सुनियोजित और समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही शहरी विकास परियोजनाओं के लिए अधिक वित्तीय संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा सकेगा।
सड़क, पेयजल, स्वच्छता और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं होंगी मजबूत
नगर पालिका बनने के बाद राजिम में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान और सामुदायिक भवन जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास में तेजी आने की उम्मीद है। इसके अलावा शहर के नागरिकों तक राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।
राजिम के शहरी विकास को मिलेगा नया आयाम
राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने से प्रशासनिक क्षमता बढ़ेगी और शहर के विकास के लिए नई योजनाओं के क्रियान्वयन में आसानी होगी। इससे न केवल शहरी अधोसंरचना मजबूत होगी, बल्कि भविष्य की बढ़ती आबादी और विकास संबंधी आवश्यकताओं को भी बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा।
नागरिकों में खुशी की लहर
राज्य सरकार की अधिसूचना जारी होने के बाद राजिम के नागरिकों ने इस फैसले का स्वागत किया है। लंबे समय से नगर पालिका का दर्जा मिलने की मांग कर रहे स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे शहर के विकास को नई गति मिलेगी और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
