Chhattisgarh News

Chhattisgarh News: ‘मोर माटी, मोर मान’ थीम पर जुटेंगे दुनिया भर के छत्तीसगढ़िया

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: राजधानी रायपुर में मार्च महीने में भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन 27 और 28 मार्च को नवा रायपुर में होगा। इस आयोजन की तैयारी को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

‘मोर माटी, मोर मान’ होगी सम्मेलन की थीम

इस सम्मेलन की थीम ‘मोर माटी, मोर मान’ रखी गई है। इसका उद्देश्य विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ के लोगों को अपनी मिट्टी और संस्कृति से जोड़ना है। आयोजन में छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा, संस्कृति और कला से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे।

सम्मेलन के लिए एक विशेष पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से प्रवासी छत्तीसगढ़िया अपना पंजीयन कर रहे हैं।

निवेश और विकास पर रहेगा फोकस

बैठक में बताया गया कि विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। यदि कोई प्रवासी निवेश की इच्छा जताता है, तो उसके साथ एमओयू भी किया जाएगा।

सम्मेलन में विशेषज्ञ प्रवासी युवाओं का मार्गदर्शन भी करेंगे, जिससे यहां के युवाओं को नए अवसरों की जानकारी मिल सके।

प्रवासियों का होगा सम्मान

मुख्य सचिव ने कहा कि विदेशों में रहकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले लोगों को सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सम्मेलन में आने वाले सभी मेहमानों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

छत्तीसगढ़ी संस्कृति और व्यंजनों की झलक

सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ी व्यंजन भी परोसे जाएंगे। इसके साथ ही लोक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए राज्य की समृद्ध परंपरा की झलक दिखाई जाएगी।

यह सम्मेलन राज्य और प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के बीच संबंध मजबूत करने का एक बड़ा अवसर माना जा रहा है। इससे प्रदेश में निवेश, रोजगार और सांस्कृतिक जुड़ाव को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।