Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण इलाकों की पेयजल व्यवस्था में बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है।
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने नवा रायपुर अटल नगर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी।
32 लाख से अधिक घरों तक पहुँचा नल से जल
उपमुख्यमंत्री श्री साव ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत राज्य में अब तक 40 लाख 87 हजार से अधिक घरेलू नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं।
इन कनेक्शनों के माध्यम से 32 लाख से ज्यादा ग्रामीण परिवारों को नल से शुद्ध पेयजल मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि मिशन शुरू होने से पहले प्रदेश में केवल 3 लाख 19 हजार घरेलू नल कनेक्शन थे, जबकि बीते दो वर्षों में इस संख्या में तेज़ी से वृद्धि हुई है।
‘हर घर जल’ राज्य बनाना सरकार का उद्देश्य
श्री अरुण साव ने कहा कि सरकार का साफ लक्ष्य है कि हर ग्रामीण परिवार को सुरक्षित, शुद्ध और लगातार पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
इसी दिशा में छत्तीसगढ़ को जल्द ही ‘हर घर जल’ राज्य के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
Chhattisgarh News: हजारों गांव बने ‘हर घर जल ग्राम’
प्रेस वार्ता में उपमुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के 6,572 गांवों में शत-प्रतिशत नल कनेक्शन पूरे हो चुके हैं।
इनमें से 5,564 गांवों को ‘हर घर जल ग्राम’ घोषित किया गया है, जबकि 4,544 गांवों को प्रमाणित भी किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में सर्टिफाइड हर घर जल ग्रामों की संख्या में 750 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
साथ ही 5,088 ग्राम पंचायतों को जलापूर्ति व्यवस्थाओं का हस्तांतरण किया गया है।
समूह जल प्रदाय योजनाओं से हजारों गांवों को लाभ
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि जल जीवन मिशन से पहले ग्रामीण क्षेत्रों में हैंडपंप और छोटी जल योजनाओं पर निर्भरता अधिक थी।
वर्तमान में 70 समूह जल प्रदाय योजनाएं चल रही हैं, जिनसे 3,208 गांवों को लाभ मिल रहा है और 9.85 लाख से अधिक नल कनेक्शन इनसे जुड़े हैं।
जल गुणवत्ता पर विशेष ध्यान
श्री साव ने कहा कि पानी की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जा रहा है।
राज्य में 77 जल परीक्षण प्रयोगशालाएं संचालित हैं, जिनमें से 47 प्रयोगशालाएं NABL मान्यता प्राप्त हैं।
पेयजल से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-0008 भी लगातार सक्रिय है।
खराब काम पर सख्त कार्रवाई
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लापरवाही और घटिया काम करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है।
बीते दो वर्षों में 28 करोड़ 38 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना, 629 अनुबंध निरस्त और 11 फर्मों को ब्लैकलिस्ट किया गया है।
दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई भी की गई है।
Chhattisgarh News: आगे की कार्ययोजना क्या है?
सरकार की प्राथमिकता है कि
- शेष 8 लाख घरेलू नल कनेक्शन जल्द पूरे किए जाएं
- 21 हजार से अधिक अधूरी योजनाएं पूरी की जाएं
- 24 हजार से अधिक योजनाओं का पंचायतों को हस्तांतरण हो
- सभी समूह जल प्रदाय योजनाएं समय पर पूरी हों
विभाग में मानव संसाधन को भी किया मजबूत
उपमुख्यमंत्री श्री साव ने बताया कि पिछले दो वर्षों में विभाग में
- 403 नए पदों का सृजन
- 213 नियुक्तियां
- 103 पदोन्नतियां
- 877 कर्मचारियों को वेतनमान लाभ
दिए गए हैं, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आई है।
