मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घंटाघर से पलटन बाजार तक पैदल यात्रा कर इस अभियान को बढ़ावा दिया।
Uttarakhand News: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वदेशी अपनाओ, राष्ट्र को आगे बढ़ाओ’ अभियान को गति देते हुए देहरादून में जनजागरूकता अभियान का नेतृत्व किया। बता दें कि मंगलवार को वे पलटन बाजार की सड़कों पर उतरे और व्यापारियों, स्वयंसेवी संगठनों और नागरिकों को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्वदेशी अपनाने को राष्ट्रीय कर्तव्य बताते हुए कहा कि यह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय उत्पादकों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पलटन बाजार में पैदल यात्रा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने घंटाघर से पलटन बाजार तक पैदल यात्रा कर इस अभियान को बढ़ावा दिया। इस दौरान उन्होंने सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ मिलकर व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ‘स्वदेशी अपनाओ, राष्ट्र को मजबूत बनाएं’ के स्टीकर चस्पा किए। उन्होंने व्यापारियों से अपनी दुकानों पर स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और इसके लिए नाम पटिकाएं लगाने की अपील की, ताकि ग्राहकों में स्वदेशी के प्रति विश्वास और गर्व की भावना जागे।

ये भी पढ़ेंः Uttarakhand: CM पुष्कर सिंह धामी ने दिए ड्रग्स फ्री उत्तराखंड के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश
स्वदेशी अपनाना राष्ट्रीय कर्तव्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाना केवल एक आर्थिक निर्णय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय कर्तव्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस अभियान को एक सशक्त प्रयास बताया। धामी ने जोर देकर कहा कि स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से देश का पैसा देश में रहेगा, जिससे स्थानीय उत्पादकों, शिल्पकारों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
त्योहारों में स्वदेशी को प्राथमिकता
सीएम धामी ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे त्योहारों, उपहारों और दैनिक उपयोग में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि यह न केवल एक प्रेरणादायक पहल है, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में भी योगदान देगी। इस अभियान से भारत वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त बनकर उभरेगा।

ये भी पढ़ेंः Uttarakhand: ऑपरेशन कालनेमि में 300 से ज्यादा गिरफ्तारी, CM धामी ने कहा- ‘भावनाओं से खेलोगे तो जेल जाओगे’
जनसमूह ने लिया संकल्प
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, व्यापारी संघों के पदाधिकारियों, स्वयंसेवी संगठनों और नागरिकों ने स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प लिया। अभियान के दौरान ‘स्वदेशी अपनाओ-देश बचाओ’ के नारे भी गूंजे, जो इस पहल के प्रति लोगों के उत्साह को दर्शाते हैं।
